देशबड़ी खबर

BRS हो या कांग्रेस, दोनों ही तेलंगाना के लिए घातक, BJP इनका पत्ता करेगी साफ: PM मोदी

वारंगल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और कांग्रेस को तेलंगाना के लिए ‘घातक’ करार देते हुए शनिवार को भ्रष्टाचार व परिवारवाद के मुद्दों पर विपक्षी दलों पर जोरदार हमला बोला और दावा किया कि इस दक्षिणी राज्य के आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सबका पत्ता साफ करने जा रही है।

यहां करोड़ों रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की आधारशीला रखने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी का उल्लेख करते हुए ‘अबकी बार भाजपा सरकार’ की हुंकार भरी और कहा कि यहां के दृश्य देखकर हैदराबाद में ‘उस परिवार’ की नींद हराम हो रही होगी। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘तेलंगाना में भाजपा के लगातार हो रहे विस्तार को महसूस कर मैं बहुत खुशी महसूस कर रहा हूं। भाजपा ने अपने प्रभाव का ट्रेलर 2021 के राज्य नगरपालिका चुनावों में दिखा दिया है।’’

उन्होंने दिल्ली सरकार की आबकारी नीति से जुड़े कथित घोटाले का मुद्दा उठाते हुए आम आदमी पार्टी (आप) पर भी निशाना साधा और मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव (केसीआर) के नेतृत्व वाली सरकार को ‘सबसे भ्रष्ट सरकार’ करार देते हुए आरोप लगाया कि इनके भ्रष्टाचार के तार दिल्ली तक फैल गए हैं।

मोदी ने कहा, ‘‘केसीआर सरकार यानी सबसे भ्रष्ट सरकार। अब तो दिल्ली तक इनके भ्रष्टाचार के तार फैल गए हैं। हम पहले दो देशों या दो राज्यों की सरकारों के बीच विकास से जुड़े समझौतों की खबरें सुना करते थे, लेकिन पहली बार ऐसा हुआ है कि जब दो राजनीतिक दलों और दो राज्य सरकारों के बीच भ्रष्टाचार के करार के आरोप लगे हैं।’’

उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्य है कि जिस तेलंगाना के लिए जनता ने इतना संघर्ष किया और बलिदान दिए, उस जनता के सामने ऐसे दिन देखने की नौबत आ गई है। मोदी ने आरोप लगाया कि आज तेलंगाना की सरकार के पास चार ही काम रह गए हैं, जिनमें सुबह-शाम मोदी को गाली देना, एक ही परिवार को सत्ता का केंद्र बनाए रखना, खुद को तेलंगाना का मालिक साबित करना और तेलंगाना को भ्रष्टाचार में डुबो देना शामिल है।

उन्होंने कहा, ‘‘इन्होंने तेलंगाना के आर्थिक विकास को चौपट कर दिया है। आज तेलंगाना में ऐसी कोई परियोजना नहीं है, जिसमें भ्रष्टाचार के आरोप नहीं लगे हों। केसीआर सरकार यानी सबसे भ्रष्ट सरकार।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि यहां सत्ता में जो परिवार बैठा है, वह करोड़ों के घोटालों में लिप्त है, जिस पर जांच एजेंसियों का शिकंजा लगातार कस रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘इनकी पोल तेलंगाना के लोगों के सामने खुल चुकी है। वह परिवार अब तेलंगाना की जनता को गुमराह करने के लिए नये-नये हथकंडे अपना रहा है। आपको इन हथकंडों से, इनकी चालबाजियों से सावधान रहना है।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि परिवारवादियों को सिर्फ अपने बच्चों, बेटे-बेटियों के भविष्य की चिंता होती है और उन्हें देश व तेलंगाना के दूसरे बच्चों का भविष्य बर्बाद होने से कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा, ‘‘जितनी भी परिवारवादी पार्टियां हैं, उनकी नींव भ्रष्टाचार पर खड़ी होती है।

परिवारवादी कांग्रेस का भ्रष्टाचार पूरे देश ने देखा है, परिवारवादी बीआरएस का भ्रष्टाचार पूरा तेलंगाना देख रहा है। कांग्रेस हो या बीआरएस, दोनों ही तेलंगाना के लोगों के लिए घातक हैं। तेलंगाना के लोगों को इन दोनों से ही बच के रहना है।’’ मोदी ने आरोप लगाया कि केसीआर सरकार ने न सिर्फ तेलंगाना के लोगों का भरोसा ‘चकनाचूर करने का पाप’ किया है, बल्कि पिछले नौ वर्षों में यहां के लोगों को ‘सिर्फ और सिर्फ धोखा’ दिया है।

विभिन्न सरकारी पदों पर भर्ती में घोटाले के आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने यहां के युवाओं के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि तेलंगाना की सरकार ने गरीब, दलित, आदिवासी, युवा सभी के लिए झूठे वादे और झूठी घोषणाएं कीं, जबकि केंद्र की भाजपा सरकार ने सही मायने में इन लोगों को सशक्त किया है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि आजकल कुछ लोग चुनाव से पहले जनता को गुमराह करने के लिए ‘झूठी गारंटी’ लेकर आ रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘तेलंगाना की जनता सब कुछ अनुभव कर रही है। इसलिए आज तेलंगाना की आकांक्षा, आशा और अपेक्षा है कि अबकी बार भाजपा सरकार।’’ मोदी ने कहा कि वह ‘अबकी बार भाजपा सरकार’ का भाव वारंगल ही नहीं, पूरे तेलंगाना में देख रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘बड़ी संख्या में आपकी मौजूदगी हैदराबाद में उस परिवार की नींद हराम कर रही है। मैं देख रहा हूं कि अब तेलंगाना के लोगों ने भाजपा की सरकार बनाने का फैसला कर लिया है।’’

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button