देशबड़ी खबर

बजट सत्र 2023 : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अभिभाषण में सौ से अधिक बार थपथपायीं गयीं मेजें

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को संसद के केन्द्रीय कक्ष में दोनों सदनों के संयुक्त सत्र को पहली बार संबोधित किया और उनके करीब 67 मिनट के अभिभाषण में सौ से अधिक बार सदस्यों ने मेजें थपथपा कर प्रसन्नता का इज़हार किया गया।

संसद के केन्द्रीय कक्ष में केवल तीन सीटें खाली थीं। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की सीट के बगल में दो सीटें तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राज्यसभा में नेता सदन केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल के बीच वाली सीट ही खाली थी। विपक्ष के कई कद्दावर नेताओं को आगे की पंक्ति में जगह नहीं मिली। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता शरद पवार दूसरी पंक्ति में और नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारुक अब्दुल्ला चार पांच कतार पीछे बैठे थे।

राष्ट्रपति अभिभाषण की एक विशेषता यह भी रही कि गैर हिन्दी भाषी राष्ट्रपति मुर्मू ने अपना भाषण हिन्दी में पढ़ा जबकि हिन्दी भाषी उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अभिभाषण का सारांश अंग्रेज़ी में पढ़ा। राष्ट्रपति अभिभाषण में सत्तापक्ष के सांसदों ने तकरीबन हर वाक्य पर मेजें थपथपाईं लेकिन कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने केवल प्रारंभ में और आखिर में, दो बार ही मेज थपथपायी।

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के बगल वाली कुर्सी पर केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, रेल, संचार, सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री अश्विनी वैष्णव और जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत बैठे थे। इस दौरान सिंधिया ने गांधी की ओर देखा तक नहीं, लेकिन राष्ट्रपति अभिभाषण समाप्त होने एवं राष्ट्रपति के गमन के बाद उन्होंने गांधी से शिष्टाचार भेंट की।

राष्ट्रपति मुर्मू एवं उपराष्ट्रपति धनखड़ अभिभाषण समाप्त होने के बाद जाने से पूर्व अगली पंक्ति के आगे सभी सांसदों से हाथ जोड़ कर अभिवादन करते हुए निकले। लेकिन दोनों ने सिर्फ कांग्रेस नेता श्रीमती गांधी से व्यक्तिगत रूप से हालचाल पूछा।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button