उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

सीबीआई ने घूस के मामले में उत्तर रेलवे के डिप्टी चीफ इंजीनियर को किया गिरफ्तार, छापेमारी में 52 लाख बरामद

लखनऊ : एक तरफ इन दिनों रेलवे सतर्कता जागरूकता सप्ताह मना रहा है. इसमें अधिकारी और कर्मचारी भ्रष्टाचार न फैलाने की कसमें खा रहे हैं, वादे कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ घूस के ही एक मामले में सीबीआई ने रेलवे के एक अधिकारी को गिरफ्तार किया है.

उत्तर रेलवे के चारबाग स्थित निर्माण विभाग के डिप्टी चीफ इंजीनियर को सीबीआई ने घूस के मामले में बुधवार को गिरफ्तार कर लिया. उसके कई ठिकानों पर छापा मारा और 52 लाख रुपये बरामद किए हैं, हालांकि यह कोई पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी रेलवे के भ्रष्ट अधिकारी सीबीआई के हत्‍थे चढ़ चुके हैं. पिछले साल दिसंबर माह में रेलवे के दामन पर एक अधिकारी ने भ्रष्टाचार का दाग लगाया था.

पिछले साल डिप्टी चीफ इंजीनियर को पकड़ा था: उत्तर रेलवे का निर्माण विभाग पिछले साल दिसम्बर में भी चर्चा में आया था. 10 दिसम्बर 2022 को सीबीआई ने छापा मारकर डिप्टी चीफ इंजीनियर अरुण कुमार मित्तल को 50 हजार रुपये घूस के साथ रंगे हाथ पकड़ा था. ठेकेदार की शिकायत पर कार्रवाई की गई थी.

इसके बाद सीबीआई ने कई दिनों तक निर्माण विभाग के आला अफसरों से पूछताछ की, जबकि इसी साल तीन जून को आलमबाग में कैरिज एंड वैगन वर्कशॉप के पास स्थित सामग्री विभाग के उप मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक मिश्र को सीबीआई ने लम्बित बिलों के भुगतान के घालमेल में 32.10 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार किया था.

कई ठिकानों पर छापा मारा गया था. सीबीआई ने इसी साल 22 फरवरी को आगरा में दो रेलवे अधिकारियों मुकेश कुमार और विजय सिंह को गिरफ्तार किया था. बिल पास कराने के एवज में पांच लाख रुपये की घूस ले रहे थे. सीबीआई ने पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय गोरखपुर में छापा मारकर 12 सितम्बर को प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक केसी जोशी को पांच लाख रुपये घूस लेते दबोचा था. जोशी के घर से बड़ी संख्या में टीम को नकद पैसे भी मिले थे.

कब्जे में लीं कार्यों की फाइलें : उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में चारबाग रेलवे स्टेशन की रिमॉडलिंग, फोर लेन, अयोध्या रूट पर भी कई काम चल रहे हैं. अमृत स्टेशन योजना के तहत चयनित स्टेशनों का काम भी प्रारंभ हो गया है. इन कार्यों को लेकर ठेकेदारों ने कई शिकायतें की हैं. सूत्रों के मुताबिक, सभी फाइलों को देखने के बाद सीबीआई अफसर भ्रष्टाचार से जुड़ी कई फाइल अपने साथ ले गए हैं.

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button