उत्तर प्रदेशदेवरियाबड़ी खबर

माफ‍िया भस्‍मासुर और इन्‍हें प्रश्रय देने वाले महाभस्‍मासुर, इनसे सतर्क रहें : योगी आदित्यनाथ

देवरिया/गोरखपुर: यूपी चुनाव जैसे-जैसे निकट आ रहा है, सीएम योगी आदित्यनाथ विपक्ष पर जोरदार हमले कर रहे हैं। वे कानून व्यवस्था की स्थिति पर विपक्ष को घेरने की कोशिश कर रहे हैं। विपक्षी दलों पर माफिया को संरक्षण देने का आरोप लगा रहे हैं। साथ ही, भाजपा सरकार में माफियाओं पर चल रहे अभियान की भी जानकारी लोगों को देकर भयमुक्त समाज की बात कर रहे हैं। देवरिया की जनसभा में उन्होंने एक बार फिर विपक्ष को आड़े हाथों लिया। मुख्यमंत्री ने देवरिया के कार्यक्रम में 200 करोड़ रुपये की 412 परियोजनाओं का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह पहले की परियोजनाओं से अलग है।

सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने रविवार को विपक्षी दलों पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए माफिया व उनके संरक्षकों को भस्मासुर कहा। सीएम योगी ने कहा कि जितने भी माफिया हैं, सब भस्मासुर हैं। इन भस्मासुरों को प्रश्रय देने वाले महाभस्‍मासुर हैं। इनसे सावधान रहने की जरूरत है। देवरिया जिले के भाटपाररानी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि ये जितने माफिया हैं, वो सब भस्मासुर हैं। इन भस्मासुरों को जो पालेगा, वह अपने विनाश का ही रास्ता तैयार करेगा।

सीएम योगी ने लोगों से कहा कि भस्मासुर को प्रश्रय देने वाले लोग महाभस्मासुर हैं, इसलिए इनसे सतर्क और सावधान रहने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी व बहुजन समाज पार्टी पर हमला करते हुए कहा कि माफियाओं पर बुलडोजर चल रहा है। जब ये बुलडोजर चल रहा है तो कुछ लोगों को बहुत बुरा लग रहा है। सपा, बसपा और कांग्रेस के लोग खूब विरोध कर रहे हैं।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारा देवरिया और कुशीनगर क्षेत्र चीनी का कटोरा कहा जाता था। बसपा और सपा की सरकार के समय 21 चीनी मिलें बेच दी गई। यहां के किसानों के पेट पर लात मारने का काम सपा और बसपा की सरकारों ने किया। उन्होंने कहा कि सपा और बसपा ने चीनी मिलों को बेचने का काम किया था, लेकिन भाजपा सरकार ने नव निर्माण का काम किया है। कार्यक्रम में उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय रघुराज सिंह को प्रदेश सरकार की तरफ से विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

Related Articles

Back to top button