देशबड़ी खबरराजस्थान

कांग्रेस विधायक जुबेर खान का हुआ निधन, आज सुबह ली अंतिम सांस; सीएम और पूर्व CM ने जताया दुख

जयपुर: राजस्थान के अलवर जिले की रामगढ़ विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक जुबेर खान का शनिवार सुबह निधन हो गया। जुबेर खान की पत्नी साफिया जुबेर ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनके शौहर कुछ समय से बीमार थे। उन्होंने बताया कि जुबेर खान ने आज सुबह 5.50 बजे अंतिम सांस ली। वहीं कांग्रेस विधायक जुबेर खान के निधन पर राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित तमाम नेताओं ने शोक व्यक्त किया।

सीएम मोहनलाल शर्मा ने जताया शोक

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जुबेर खान के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ‘रामगढ़ विधायक श्री जुबेर खान जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों के साथ हैं। प्रभु दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोकाकुल परिवार को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!’ वहीं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी ‘एक्स’ पर पोस्ट कर दुख व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, ‘‘जुबेर खान अपने क्षेत्र के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध थे एवं आखिरी समय तक जनसेवा में लगे रहे। उनका जाना एक अपूरणीय क्षति है।’’

चार बार के विधायक थे जुबेर खान

बता दें कि जुबेर खान चार बार के विधायक थे। वह सबसे पहले 1990 में विधायक चुने गए। इसके बाद दसवीं, बारहवीं व अब सोलहवीं विधानसभा के सदस्य थे। वह विधानसभा की प्राक्कलन सहित अनेक समितियों के सदस्य भी रह चुके हैं। अध्ययन के दौरान जुबेर जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय (नई दिल्‍ली) छात्रसंघ के अध्यक्ष भी थे। जुबेर खान के निधन से राज्य विधानसभा में कांग्रेस विधायकों की संख्या घटकर 65 रह गई है। राजस्थान विधानसभा में कुल 200 सीट हैं जिनमें से अब सात सीट खाली हैं। पांच विधायक लोकसभा चुनाव में सांसद चुने गए थे और भाजपा के एक विधायक का कुछ समय पहले निधन हो गया था।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button