देशबड़ी खबर

छत्तीसगढ़: आईएएस अधिकारी, कांग्रेस नेता और व्यवसायियों के स्थानों पर ED का छापा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कथित अवैध कोयला ‘लेवी’ (अवैध वसूली) मामले की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को राजधानी रायपुर में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के एक वरिष्ठ अधिकारी, सत्ताधारी कांग्रेस के नेता और व्यवसायियों के ठिकानों पर छापेमारी की। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

जांच एजेंसी के मुताबिक, ” जांच एक बड़े घोटाले से संबंधित है जिसमें वरिष्ठ नौकरशाहों, व्यापारियों, राजनीतिक नेताओं और बिचौलियों से जुड़े एक गिरोह द्वारा छत्तीसगढ़ से ढुलाई किए जाने वाले प्रत्येक टन कोयले के लिए 25 रुपये की अवैध उगाही की जा रही थी।” सूत्रों के अनुसार, ईडी ने आईएएस अधिकारी अनिल कुमार टुटेजा, रायपुर के महापौर और कांग्रेस नेता एजाज ढेबर तथा शराब कारोबारी बलदेव सिंह भाटिया उर्फ पप्पू भाटिया के यहां छापा मारा है।

इनके आवासों के सामने अर्धसैनिक बल के जवानों को देखा जा सकता है। टुटेजा राज्य में उद्योग और वाणिज्य विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर तैनात हैं। ईडी ने मंगलवार को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी दीपांशु काबरा, प्रमुख व्यवसायी कमल सारडा और अन्य के परिसरों में तलाशी शुरू की थी।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंगलवार को ईडी के छापों को लेकर कहा था कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं के इशारे पर यह कार्रवाई की जा रही है। ईडी ने इस मामले में अब तक राज्य प्रशासनिक सेवा की अधिकारी सौम्या चौरसिया, कोयला व्यापारी सूर्यकांत तिवारी, उनके चाचा लक्ष्मीकांत तिवारी और छत्तीसगढ़ कैडर के आईएएस अधिकारी समीर विश्नोई समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button