महिला डॉक्टर ने पति पर लगाया पिटाई का आरोप

लखनऊ। तालकटोरा स्थित अस्पताल में तैनात महिला डॉक्टर ने पति पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुये आशियाना थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। आशियान सेक्टर एन निवासी डॉक्टर नीतिका मां और बच्चों के साथ रहती हैं। वह राजाजीपुरम स्थित रानी अस्पताल में दंत चिकित्सक हैं। उनके पति डॉक्टर अखिलेश कुमार भी उसी अस्पताल में कार्यरत हैं।
नीतिका का आरोप है कि पति अखिलेश काफी बार उनके साथ मारपीट कर चुके हैं। इस संबंध में नीतिका ने फरवरी माह में आशियाना पुलिस से शिकायत भी की थी। पीड़िता का आरोप है कुछ दिन से उनके पति अक्सर घर आते हैं और बाहर से गाली-गलौज करते हैं। पड़ोसियों के समझाने पर वह वहां से चले जाते हैं।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि अब उनके पति अस्पताल में भी उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हैं और बर्बाद करने की धमकी देते हैं। पीड़िता ने अब इस मामले में आशियाना पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने इस संबंध में पीड़िता के पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर आशियाना संजय राय ने बताया कि पीड़ित की शिकायत की जांच की जा रही है।