देशबड़ी खबर

10 से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश-बर्फबारी की चेतावनी, सर्द हवाएं बढ़ाएंगी ‘कंपकंपी’

पश्चिमी विक्षोभ के कारण देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के आस-पास के क्षेत्रों में 23 फरवरी तक तेज गरज के साथ बारिश की संभावना है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि का येलो अलर्ट है।  पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में 24 से 26 फरवरी तक हल्की से मध्यम वर्षा और बर्फबारी की गतिविधियां देखी जा सकती हैं।

इन राज्यों में भी बारिश के आसार

इस बीच, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश में अगले 24 घंटे के दौरान गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने राजस्थान और उत्तर प्रदेश में ओलावृष्टि की संभावना जताई है। मिली जानकारी के अनुसार, पिछले 24 घंटे के दौरान तेज हवाओं के साथ यूपी, बिहार समेत कई राज्यों में झमाझम बारिश हुई। इसकी वजह से फसलों को भी नुकसान पहुंचा है।

इन राज्यों में भारी बर्फबारी का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश में आज और कल (23 फरवरी) को भारी बारिश या बर्फबारी हो सकती है। असम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और मेघालय में 22 फरवरी यानी आज भारी बारिश या बर्फबारी हो सकती है। बिहार की बात करें तो, राज्य में कल और परसों गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश की हो सकती है।

दिल्ली-एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में आज बादल छाए रहने और हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है। दिल्ली-एनसीआर में बृहस्पतिवार को न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमश: करीब 11 और 25 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।

हिमाचल प्रदेश में हिमस्खलन की चेतावनी 

हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में एक बार फिर से बर्फबारी और बारिश होने के बाद अधिकारियों ने आज कई इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। चंडीगढ़ स्थित रक्षा भूसूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान (डीजीआरई) ने लाहौल-स्पीति, किन्नौर, शिमला, चंबा और कुल्लू जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में बृहस्पतिवार तक हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button