देशबड़ी खबर

भारत-बांग्लादेश के गहरे संबंध, हमारे द्विपक्षीय संबंधों को कोई कमजोर नहीं कर सकता: अमित शाह

पेट्रापोल (पश्चिम बंगाल)। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि भारत और बांग्लादेश आपस में जुड़ी संस्कृति और भाषा के इतिहास के साथ गहरे संबंध साझा करते हैं और कोई भी दोनों देशों के बीच अच्छे द्विपक्षीय संबंधों को कमजोर नहीं कर सकता। शाह भारतीय भूमि पत्तन प्राधिकरण और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के लिए पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में पेट्रापोल के दौरे पर थे।

यह भारत-बांग्लादेश सीमा पर स्थित है। उन्होंने एक कार्यक्रम में कहा, ‘‘भारत, बांग्लादेश के साथ गहरे संबंध साझा करता है। हमारी संस्कृति, धर्म, रीति-रिवाज और जीवन शैली हजारों वर्षों से आपस में जुड़ी हुई है। कोई भी बांग्लादेश के साथ हमारे संबंधों को कभी तोड़ नहीं सकता है। भारत ने बांग्लादेश के इतिहास में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। बीएसएफ ने 1971 के मुक्ति संग्राम में एक प्रमुख भूमिका निभाई है।’’

शाह ने पड़ोसियों के साथ संबंधों को मजबूत करने में भारतीय भूमि पत्तन प्राधिकरण की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि वित्त वर्ष 2016-17 में प्राधिकरण के माध्यम से 18,000 करोड़ रुपये का व्यापार अब 30,000 करोड़ रुपये को पार कर गया है। उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय भूमि पत्तन प्राधिकरण न केवल देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करता है, बल्कि हमारी सीमाओं पर राष्ट्र के एक राजदूत के रूप में भी कार्य करता है। यह हमारे पड़ोसियों के साथ हमारे द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में मदद करता है।’’

शाह ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने 2014 से सीमा के बुनियादी ढांचे और सम्पर्क में सुधार पर जोर दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारी नीति स्पष्ट है। हम कारोबार और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में मजबूत बुनियादी ढांचा और बेहतर संपर्क चाहते हैं।’’ उन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा में बीएसएफ की भूमिका की सराहना की।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button