देशबड़ी खबर

लोकसभा चुनाव 2024: PM मोदी ने केरल के पालक्कड़ में किया रोड शो

पालक्कड़। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केरल में 26 अप्रैल को होने वाले लोकसभा चुनाव में अपने उम्मीदवारों के लिए समर्थन बढ़ाने के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रयासों के तहत मंगलवार को यहां एक रोड शो किया।

फूलों से सजे, खुली छत वाले वाहन में खड़े मोदी ने कोट्टामैदान अंचुविलाक्कु से सुबह करीब 10 बजकर 45 मिनट पर रोड शो शुरू किया और उनका काफिला शहर में हेड पोस्ट ऑफिस की ओर बढ़ा। प्रधामनंत्री तमिलनाडु के कोयंबटूर से एक हेलीकॉप्टर से यहां पहुंचे थे। भाजपा समर्थकों समेत हजारों लोग फूल, माला, पार्टी के झंडे, मोदी के पोस्टर और पार्टी की टोपियां पहने एक किलोमीटर के रोड शो मार्ग के दोनों ओर कतारबद्ध खड़े रहे।

रोड शो के इस मार्ग से गुजरने पर सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों को ‘मोदी’, ‘भारत माता की जय’, ‘मोदीजी स्वागतम’ और ‘मोदी की जय’ के नारे लगाते हुए सुना गया। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर पुष्प वर्षा भी की।

इस दौरान मोदी भगवा रंग की नेहरू टोपी पहने हुए दिखायी दिए। गर्मी के बावजूद भीड़ में मौजूद सभी आयु वर्ग के लोग प्रधानमंत्री के आगमन से कई घंटे पहले ही एकत्रित हो गए और उन्होंने रोड शो के मार्ग पर उत्सव जैसा माहौल पैदा कर दिया। अपने परिवारों के साथ यहां कई लोगों ने टीवी चैनलों को बताया कि वे प्रधानमंत्री मोदी को देखे बगैर नहीं जाएंगे।

पालक्कड़ में रोड शो से पहले मोदी ने 15 मार्च को पतनमथिट्टा शहर में एक जनसभा की थी जहां उन्होंने दक्षिण केरल के निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव लड़ रहे राजग के उम्मीदवारों के लिए समर्थन जुटाया था। पतनमथिट्टा में लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा था कि आगामी लोकसभा चुनाव में ‘केरल में कमल खिलेगा।’

उन्होंने सत्तारूढ़ वामपंथी दल और विपक्षी कांग्रेस नीत यूडीएफ पर भी निशाना साधा था। पालक्कड़ में 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा का मत प्रतिशत बढ़ा था। उस समय उसके उम्मीदवार कृष्णकुमार सी को इस सीट पर पड़े कुल मतों के 21.24 प्रतिशत मत मिले थे। यह तीन महीनों में मोदी का केरल का पांचवां दौरा है। वह जनवरी में दो बार, फरवरी में एक बार और फिर 15 मार्च को राज्य में आए थे।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button