भगोड़े उद्योगपति विजय माल्या और पूर्व आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह है लंदन में हुई एक हाई-प्रोफाइल पार्टी, जहां दोनों डांस करते नजर आए। पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि इस निजी आयोजन में दुनियाभर से सिर्फ 300 चुनिंदा लोग आमंत्रित थे। वीडियो सामने आते ही लोगों में आक्रोश है – एक ओर ये दोनों भारत से आर्थिक अपराधों के चलते फरार हैं, वहीं दूसरी ओर विदेश में खुलकर ऐश कर रहे हैं। यह वीडियो न सिर्फ जनता की भावनाओं को झकझोर रहा है, बल्कि एक बार फिर कानून व्यवस्था और प्रत्यर्पण पर सवाल भी खड़े कर रहा है।
वीडियो जैसे ही इंटरनेट पर सामने आया, लोगों ने तेजी से शेयर करना शुरू कर दिया। ललित मोदी और विजय माल्या को एक आलीशान हॉल में डीजे की धुनों पर मस्ती करते देखा गया। कैमरे में कैद हुआ यह दृश्य अब करोड़ों बार देखा जा चुका है और लोगों के गुस्से की वजह बन गया है।
जहां भारत की जनता कर्जमाफी, महंगाई और बेरोजगारी जैसी समस्याओं से जूझ रही है, वहीं इन दो भगोड़े पूंजीपतियों का विदेश में इस तरह से जश्न मनाना कई लोगों के दिलों को चुभ रहा है। सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या सिर्फ आम आदमी के लिए ही कानून है?
इस वीडियो के सामने आने के बाद सरकार और जांच एजेंसियों की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। कई यूज़र्स ने लिखा – “ED और CBI केवल छोटे नामों पर ही सख्ती दिखाती है क्या?” जबकि कुछ ने यह भी पूछा कि जब इन लोगों का पता है, तो अब तक भारत क्यों नहीं लाया गया?



