देशबड़ी खबर

राजस्थान: नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह आज, होंगे मोदी-नड्डा शामिल

जयपुर। भजनलाल शर्मा शुक्रवार को यहां राजस्थान के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। ऐतिहासिक अल्बर्ट हॉल के बाहर होने वाले समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह तथा भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल होंगे। राज्यपाल कलराज मिश्र, भजन लाल शर्मा को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे। साथ ही दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा को मंत्रिमंडल सदस्य की शपथ दिलाएंगे।

समारोह के लिए व्यापक सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं और तैयारियों को अंतिम रूप देने का काम बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। समारोह में बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना है। पार्टी के एक प्रवक्ता ने कहा कि समारोह के लिए केंद्रीय नेताओं और राज्य के मुख्यमंत्रियों को निमंत्रण भेजा गया है। समारोह से पहले राजधानी के मुख्य मार्गों और प्रवेश मार्गों को सजाया गया है।

इनमें भाजपा के झंडे और होर्डिंग कटआउट सहित केंद्र सरकार की तमाम जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े पोस्टर और बैनर भी लगाए गए हैं। उल्लेखनीय है कि भाजपा विधायक दल की बैठक मंगलवार को हुई जिसमें भजन लाल शर्मा को विधायक दल का नेता चुना गया। पार्टी की ओर से विधायक दीया कुमारी और प्रेम चंद बैरवा को उपमुख्यमंत्री तथा वासुदेव देवनानी को राजस्थान विधानसभा का अध्यक्ष मनोनीत किया गया है।

राज्य में 200 में से 199 सीट पर हुए चुनाव में भाजपा ने 115 सीट पर जीत दर्ज की है। करणपुर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी के निधन के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया जहां अब पांच जनवरी को मतदान होगा।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button