उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

ओम प्रकाश राजभर ने अजय राय को कहा ‘कालिया’, यूपी कांग्रेस अध्यक्ष ने भी किया पलटवार

लखनऊ: अपने विवादित बयान से अक्सर चर्चा में रहने वाले उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर का एक और विवादित बयान सुर्खियां बटोर रहा है। राजभर ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के बारे में एक विवादित टिप्पणी कर दी है। एक सवाल के जवाब में ओम प्रकाश राजभर ने अजय राय के लिए ‘शोले’ फिल्म का डायलॉग दोहरा दिया और कहा कि ‘अब तेरा क्या होगा कालिया…।’ वहीं, राजभर के बयान पर कांग्रेस को सूबे में अच्छी कामयाबी दिलाने वाले अजय राय ने करारा पलटवार किया है।

‘फिर अजय राय का क्या होगा? तेरा क्या होगा कालिया?’

दरअसल, ओपी राजभर से सवाल पूछा गया था कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रायबरेली में कहा है कि अगर प्रियंका गांधी को वाराणसी से लड़ा दिया जाता तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब 2-3 लाख वोटों से हार जाते, जिस पर राजभर ने कहा कि उन्हें रोका किसने था। राजभर ने कहा, ‘अब तो चुनाव हो चुके हैं, अब आगे की तैयारी करें।’ जब उनसे कहा गया कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भी यही बात कही थी तो उन्होंने कहा कि ‘फिर अजय राय का क्या होगा? तेरा क्या होगा कालिया?’ वहीं, घोसी सीट पर बेटे की हार को लेकर उन्होंने कहा, ‘हमसे चुनावी गणित में चूक हुई। उसकी समीक्षा की जा रही है। हम आने वाले चुनाव के लिए भी पूरी तरह तैयार हैं।’

राजभर के बयान पर अजय राय ने किया पलटवार

ओम प्रकाश राजभर के बयान पर अजय राय ने भी पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि वह बड़बोले नेता हैं। राय ने कहा, ‘उनकी केवल पिता-पुत्र की पार्टी है। उन्हें जल्द से जल्द इन लोगों से अपना पिंड छुड़ा लेना चाहिए। नहीं तो बची-खुची राजनीति भी खत्म हो जाएगी।’ बता दें कि लोकसभा चुनाव जीतने के बाद पहली बार सांसद राहुल गांधी अपनी बहन प्रियंका गांधी के साथ मंगलवार को रायबरेली पहुंचे थे। रायबरेली में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि वाराणसी में मोदी जान बचाकर निकले हैं, अगर प्रियंका वहां चुनाव लड़ जाती तो प्रधानमंत्री 2 से 3 लाख वोटों से चुनाव हार जाते। (IANS)

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button