देशबड़ी खबर

मध्य प्रदेश को पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात, पीएम मोदी ने दिखाई हरी झंडी

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को भोपाल स्थित रानी कमलापति रेलवे स्टेशन और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, दिल्ली के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को यहां हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस असवर पर मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल, प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं केन्द्रीय रेल, संचार एवं इलेक्ट्रॉलिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद थे।

ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया है, ‘‘भोपाल-नयी दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस का हरी झंडी दिखाकर प्रसन्नता हुई। हमारा प्रयास रेलवे सेक्टर में बदलाव लाना और नागरिकों के लिए यात्रा को सुगम बनाना है।’’

आयोजन से जुड़े एक अधिकारी ने बताया, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी ने शाम करीब चार बजे भोपाल स्थित रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-एक से वंदे-भारत एक्सप्रेस ट्रेन को झंडी दिखा कर रवाना किया। उन्होंने ट्रेन में सवार यात्रियों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। यह ट्रेन रानी कमलापति रेलवे स्टेशन और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन (नई दिल्ली) के बीच चलेगी।’’

उन्होंने बताया कि यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन रविवार से शुक्रवार तक (शनिवार को छोड़कर) चलेगी। उन्होंने बताया, ‘‘यह ट्रेन रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से सुबह 05:40 बजे रवाना होगी और उसी दिन दोपहर में 13:10 बजे हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। इसके डेढ़ घंटे बाद यह ट्रेन हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से दोपहर 14:40 बजे वापस रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के लिए रवाना होगी और रात 22:10 बजे रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।’’

अधिकारी ने बताया कि इस वंदे भारत ट्रेन के तीन स्टॉपेज हैं… वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन, ग्वालियर रेलवे स्टेशन और आगरा छावनी। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) की वेबसाइट के अनुसार, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जाने के लिए एसी चेयर कार में प्रति व्यक्ति किराया 1,735 रुपये होगा, जबकि एक्जिक्यूटिव चेयर कार में प्रति व्यक्ति किराया 3,185 रुपये होगा। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन का नंबर 20171/20172 रहेगा और इसे रानी कमलापति-हजरत निजामुद्दीन वंदे भारत एक्सप्रेस के नाम से जाना जाएगा। यात्री तीन अप्रैल से इस ट्रेन में सफर कर सकेंगे।

अधिकारी ने बताया, ‘‘यह देश की 11वीं वंदे भारत एक्सप्रेस होगी। स्वदेशी में डिजाइन वंदे भारत एक्सप्रेस उत्कृष्ट यात्रा सुविधाओं से लैस है। यह ट्रेन कवच (टक्कर-रोधी प्रणाली) एवं अत्याधुनिक आग नियंत्रण प्रणाली से युक्त है। इसमें टच-फ्री सुविधाओं के साथ बायो वैक्यूम शौचालय भी है।’’

उन्होंने कहा कि इसके अलावा, इस ट्रेन के डिब्बों में सीसीटीवी और गार्ड व चालकों से बात करने की सुविधा है। सूचना व मनोरंजन के लिए प्रत्येक कोच में ‘यात्री सूचना और मनोरंजन प्रणाली’ (पैसेंजर इन्फॉर्मेशन एंड इन्फोटनमेंट सिस्टम) लगी हुई है। अधिकारी ने बताया कि इसमें 180 डिग्री घूमने वाली सीटें हैं और स्लाइडिंग फुट स्टेप्स के साथ स्वचालित दरवाजे हैं। उन्होंने कहा कि इसके अलावा, दिव्यांगजनों के अनुकूल शौचालय, सीट हैंडल और ब्रेल लिपि में सीट नंबर भी हैं।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button