उत्तर प्रदेशकानपुरबड़ी खबर

म्यांमार से चले तूफान से उप्र सहित कई राज्यों में जारी रहेगी बारिश

  • उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल में बना है निम्न दबाव का क्षेत्र

कानपुर। देश में मानसून की विदाई का दौर चल रहा था, लेकिन इसी बीच म्यांमार से मेनू नाम का तूफान बंगाल की खाड़ी से होते हुए उत्तर प्रदेश तक आ पहुंचा। इससे उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश और ओडिशा सहित कई प्रदेशों में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया। इससे कहीं पर मध्यम तो कहीं पर भारी बारिश हो रही है और यह क्रम अभी कम से कम चार दिनों तक बने रहने की संभावना है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पाण्डेय ने शुक्रवार को बताया कि इन दिनों अमूमन उत्तर पश्चिमी मानसून सक्रिय होता है, जिसे आम भाषा में लौटता हुआ मानसून कहा जाता है। इससे बहुत अच्छी बारिश की उम्मीद नहीं की जाती है, लेकिन तीन दिन पहले म्यांमार में मेनू नाम का तूफान सक्रिय हो गया। यह तूफान बंगाल की खाड़ी और ओडिशा होते हुए उत्तर प्रदेश तक आ पहुंचा। इससे मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल और उत्तर प्रदेश में अधिक निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया। हालांकि इन दिनों देश के ज्यादातर राज्यों में इस तूफान के चलते निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। वहीं लौटता हुआ मानसून भी इस तूफान से उपजी परिस्थितियों से मिल गया और उत्तर प्रदेश सहित कई प्रदेशों में तेज बारिश हो रही है।

इस तरह अभी जो पूर्वानुमान है उसके अनुसार कानपुर सहित पूरे उत्तर प्रदेश और अन्य प्रदेशों में जहां-जहां पर निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है वहां पर चार दिनों तक मध्यम से तेज बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि जिस प्रकार मानसूनी गतिविधियां बनी हुई हैं उससे कानपुर सहित पूरे उत्तर प्रदेश में एक दिन में 45 से 55 मिमी बारिश होने की संभावना है। ऐसे में लोग तभी घरों से बाहर निकलें जब बहुत ही जरूरी काम हों, क्योंकि इतनी बारिश से जलभराव की समस्या होना स्वाभाविक है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी कर दिया गया है, जिनमें रामपुर, बहराइच, मुरादाबाद, बरेली, लखीमपुर खीरी, लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, प्रतापगढ़, फैजाबाद, गोरखपुर और गोंडा हैं। यही नहीं 12 अक्टूबर तक कानपुर मंडल सहित उत्तर प्रदेश में बारिश जारी रहेगी।

उन्होंने बताया कि बारिश होने से तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया है और तेज हवाओं के चलने पर लोगों को हल्की ठंड का एहसास भी खासकर रात में हो रहा है। कानपुर में अधिकतम तापमान 28.0 और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 96 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 90 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं दक्षिण पूर्व चल रही हैं जिनकी औसत गति 6.7 किमी प्रति घंटा रही। बारिश 10 मिमी दर्ज की गई और देर शाम को तेज बारिश की संभावना बनी हुई हैं।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button