बड़ी खबरविदेश

बागी हो गए मस्क! एपस्टीन फाइलों का जिक्र कर ट्रंप पर साधा निशाना, बोले ‘अब समय आ गया है…’

वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अरबपति कारोबारी एलन मस्क के बीच रिश्ते अब पहले जैसे नहीं रह गए हैं। दोनों के बीच जुबानी जंग छिड़ी है और अब तकरार सतह पर नजर आने लगी है। ‘मेरे बिना ट्रंप राष्ट्रपति का चुनाव हार जाते’ यह बात कहने वाले एलन मस्क ने एक बार फिर बड़ी बात कही है। डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी (DOGE) पूर्व प्रमुख मस्क ने ट्रंप पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

एलन मस्क ने क्या कहा?

सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट करते हुए एलन मस्क ने दावा किया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नाम एपस्टीन फाइलों में है, इसीलिए उन्हें जारी नहीं किया जा रहा है। मस्क ने लिखा “अब समय आ गया है कि बहुत बड़ा बम गिराया जाए: डोनाल्ड ट्रंप एपस्टीन फाइलों में हैं। यही असली कारण है कि उन्हें सार्वजनिक नहीं किया गया है। आपका दिन शुभ हो, डीजेटी!” उन्होंने आगे कहा, “इस पोस्ट को भविष्य के लिए मार्क कर लें, सच्चाई सामने आ जाएगी।”

एपस्टीन फाइल मामला है क्या?

एपस्टीन फाइल मामला फाइनेंसर जेफरी एपस्टीन से जुड़ा है जो यौन तस्करी के गंभीर आरोपों के चलते चर्चा में रहे थे। जेफरी एपस्टीन के शोषण और तस्करी नेटवर्क को उजागर करने में अहम भूमिका निभाने वाली वर्जीनिया गिफ्रे ने इसी साल आत्महत्या कर ली थी। फ्लोरिडा में रहने वाली गिफ्रे की मुलाकात एपस्टीन के करीबी सहयोगी घिसलीन मैक्सवेल से हुई थी। 1999 से 2002 के बीच, यह आरोप लगाया गया था कि एपस्टीन ने गिफ्रे को कई बड़े लोगों के पास गलत कामों के लिए भेजा था। गिफ्रे ने जिन लोगों के नाम लिए, उनमें ब्रिटेन के प्रिंस एंड्रयू और फ्रांस के मॉडलिंग एजेंट जीन-ल्यूक ब्रनेल शामिल थे।

यह भी जानें

जेफरी एपस्टीन जिन पर यौन तस्करी के कई आरोप थे 2019 में जेल में मृत पाए गए। एपस्टीन की मौत को आत्महत्या करार दिया गया था। आरोप था कि एपस्टीन ने 2002 से 2005 के बीच मैनहट्टन और फ्लोरिडा में अपने घर में दर्जनों किशोरियों का यौन शोषण किया था। इसी साल एपस्टीन फाइलों का एक हिस्सा जारी किया गया था। फाइलों में फाइनेंसर और बाल यौन अपराधी के फ्लाइट लॉग, उसके हाई-प्रोफाइल सहयोगियों की जानकारी थी। अरबपति एपस्टीन एक समय में ब्रिटेन के प्रिंस एंड्रयू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का दोस्त माने जाने थे।

मस्क ने लिया बड़ा फैसला

गौरतलब है कि, एलन मस्क ने हाल ही में बड़ा फैसला लेते हुए खुद को डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन से अलग करने का ऐलान किया था। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मस्क को सरकारी खर्च कम करने की जिम्मेदारी दी थी। ट्रंप जब जनवरी में व्हाइट हाउस पहुंचे थे तब उन्होंने मस्क को नए सरकारी विभाग डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी का नेतृत्व सौंपा था। माना जा रहा है कि दोनों के बीच टैक्‍स बिल को लेकर तनाव चल रहा है। इसी वजह से मस्क ने अपना पद छोड़ा था। वहीं, पद छोड़ने के बाद से ही ट्रंप और एलन मास्क के बीच जुबानी जंग छिड़ी हुई है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button