उत्तर प्रदेशबड़ी खबर
पत्नी से विवाद के बाद रिटायर इंजीनियर ने फांसी लगाई

- इंदिरानगर के सेक्टर 16 की घटना
- सुसाइड नोट में खुद को मौत का जिम्मेदार ठहराया
लखनऊ। इंदिरानगर में पत्नी से विवाद के बाद रिटायर इंजीनियर ओम प्रकाश साहू (75)ने बुधवार शाम को फांसी लगा ली। पत्नी की सूचना के बाद गाजीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट में उन्होंने खुद को मौत का जिम्मेदार ठहराया है।इंदिरानगर के सेक्टर 16/1343निवासी ओम प्रकाश बिजली विभाग से रिटायर थे। वह पत्नी आशा साहू के साथ रहते थे।
चौकी इंचार्ज दुर्गा प्रसाद यादव के मुताबिक, देर शाम को सूचना मिलने पर वह उनके घर पहुंचे। कमरे का दरवाजा भीतर से बंद था। इस पर दरवाजा तोड़ा गया। छत के कुण्डे में रस्सी से ओम प्रकाश का शव लटक रहा था। पुलिस ने शव नीचे उतारा। कमरे की तलाशी में एक सुसाइड नोट मिला। जिसमें उन्होंने अपनी मौत का खुद जिम्मेदार ठहराते हुए आत्महत्या करने की बात लिखी थी।
पुलिस का कहना है कि ओम प्रकाश और आशा में अक्सर विवाद होता था। बुधवार को दोनों में फिर झगड़ा हुआ। इस पर ओम प्रकाश ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो आशा ने दरवाजे पर दस्तक दी लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इस पर उन्होंने खिड़की से भीतर झांका तो उनका शव फंदे पर लटका देखा। इस पर आशा ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। ओम प्रकाश का इकलौता बेटा नवीन साहू अमीनाबाद में परिवार के साथ रहते हैं। पुलिस ने उसे सूचना दे दी है।