देशबड़ी खबर

ऊधमपुर में आठ घंटों में दूसरा बम विस्फोट, अब तक दो घायल, जांच में जुटी पुलिस

ऊधमपुर : ऊधमपुर में इस समय दहशत का माहौल व्याप्त है। पिछले आठ घंटों के भीतर हुए दो बम धमाकों ने कस्बे में सनसनी फैला दी है। इन दोनो बम धमाकों में अब तक दो लोगों के घायल होने की सूचना है। पुलिस का कहना है कि वह इन बम धमाकों के बारे में पता लगाने का प्रयास कर रही है। पहला बम धमाका जहां देर रात 10.45 बजे के करीब हुआ, वहीं दूसरा बम धमाका आज सुबह 5.42 बजे ऊधमपुर बम स्टैंड में खड़ी एक बस में हुआ। दूसरे बम धमाके में किसी के भी हताहत होने की सूचना नहीं है।

एडीजीपी जम्मू मुकेश सिंह ने बम धमाके की पुष्टि करते हुए कहा कि पहला धमाका ऊधमपुर के दोमेल चौके के पास पेट्रोल पंप पर खड़ी एक बस में हुआ जबकि दूसरा धमाका आज सुबह पुराने बस स्टैंड के भीतर खड़ी एक बस में हुआ। यह दोनों धमाके एक जैसे ही थे। रात को हुए बम धमाके में जहां कंडक्टर समेत दो लोग घायल हुए वहीं आज सुबह हुए बम धमाके में किसी के भी घायल होने की सूचना नहीं है।

विस्फोट की इस घटना के तुरंत बाद ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह विस्फोट ऊधमपुर-रामनगर के बीच चलने वाली एक बस जेके14सी-3636 में हुआ। बताया जा रहा है कि यह विस्फोट रात दोमेल पेट्रोल पंप पर खड़ी बस में हुए धमाके से भी जोरदार था। इस धमाके में बस के परखचे उड़ गए जबकि साथ खड़ी दूसरी बसों को भी नुकसान पहुंचा है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि धमाका बस के भीतर हुआ है।

गनिमत यह थी कि जिस समय बस में धमाका हुआ, उस समय उस पर कोई भी सवार नहीं था। इस धमाके में किसी के भी घायल होने की सूचना नहीं है। आठ घंटों के भीतर ऊधमपुर में हुए एक के बाद एक हुए इन दो बम धमाकों की वजह से लोगों में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने लोगों से सयंम बरतने को कहा है। उन्होंने दावा किया है कि बहुत जल्द इन धमाकों के पीछे छिपे राष्ट्र विरोधी तत्वों का पता लगा लिया जाएगा।

आपको बता दें कि ऊधमपुर में ही इससे पहले इसी साल 9 मार्च को कोर्ट कांपलेक्स के बाहर एक बम विस्फोट हुआ था। इसमें एक व्यक्ति की मौत जबकि 19 लोग घायल हो गए थे। इस बम धमाके में स्टिकी बम का इस्तेमाल किया गया था। हमले में शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आशंका जताई है कि इन धमाकों में भी स्टिकी बम का इस्तेमाल किया गया है। फिलहाल एफएसएल की टीम मौके पर पहुंच गई है और घटना स्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं। वहीं पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ भी कर रही है। पुराने बस स्टैंड व उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है ताकि किसी संदिग्ध गतिविधि का पता लगाया जा सके।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button