देशबड़ी खबर

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को पंजाब, हरियाणा में रैलियों को संबोधित करेंगे

चंडीगढ़। केंद्रीय गृह मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अमित शाह रविवार को पंजाब के गुरदासपुर और हरियाणा के सिरसा में दो रैलियों को संबोधित करेंगे। भाजपा के एक नेता ने कहा कि शाह केंद्र में पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार की विभिन्न उपलब्धियों के बारे में लोगों को बताएंगे। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के नौ साल पूरे होने के मौके पर उसकी उपलब्धियों के बारे में जानकारी देने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से एक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। शाह की दोनों रैलियों के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

पंजाब पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि गुरदासपुर में रैली के लिए सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि शाह के हरियाणा के सिरसा दौरे के लिए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 15 अधिकारियों सहित 30 से अधिक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सुरक्षा की निगरानी करेंगे। सिरसा के पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) अजायब सिंह ने शनिवार को कहा, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

हरियाणा के पुलिस महानिदेशक पी के अग्रवाल ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सिरसा में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। सूत्रों ने कहा कि रविवार की रैली से पहले कई किसान नेताओं सहित लगभग 130 लोगों को हरियाणा पुलिस ने निगरानी में रखा है और उनके संबंधित पुलिस थानों द्वारा नोटिस जारी कर उन्हें शपथ पत्र देने के लिए कहा गया है कि वे कानून और व्यवस्था को बाधित नहीं करेंगे। भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के नौ साल पूरे होने के मौके पर अपने महीने भर चलने वाले जनसंपर्क अभियान के तहत बड़े पैमाने पर लोगों को पार्टी से जोड़ने की कवायद शुरू की है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button