उत्तर प्रदेशबड़ी खबर
ग्राम प्रधान ने की पत्नी की गोली मारकर हत्या, बेटी भी घायल

बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में गंगापुर के ग्राम प्रधान ने अपनी डबल बैरल लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। उसकी बेटी को भी गोली लगी है। पुलिस ने घायल को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया है। अवसाद ग्रस्त ग्राम प्रधान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रुपईडीहा थाने के गंगापुर गांव में बुधवार की रात लगभग साढ़े नौ बजे ग्राम प्रधान रवीश कुमार पांडेय पुत्र बलदेव पांडे की अपनी पत्नी 40 वर्षीय कुसुम देवी से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई।
इसी दौरान रवीश ने अपनी लाइसेंसी डबल बैरेल 12 बोर बन्दूक से अपनी पत्नी कुसुम पाण्डे को गोली मारकर हत्या कर दी। रवीश की 14 वर्षीय बेटी खुशी को भी गोली लगी है। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल बेटी को स्थानीय स्वास्थ केन्द्र से मेडिकल कालेज भेजा गया। जहां से उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने मृतका के भाई गोंडा जिले के वजीरगंज थाने के पूरे डाढू गांव निवासी आशीष मणि त्रिपाठी पुत्र गणेश दत्त त्रिपाठी की तहरीर पर रवीश के विरुद्ध हत्या व हत्या के प्रयास की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। रवीश गिरफ्तार कर लिया गया है। मौके से तीन खोखा व एक मिस कारतूस बरामद हुआ है। हत्या में प्रयुक्त बंदूक बरामद की गई है। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार रात लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहकीकात में पता चला है कि रवीश पाण्डे पिछले कुछ समय से अवसाद ग्रस्त थे। जिनका इलाज चल रहा था। हर पहलू पर तहकीकात की जा रही है।
पत्नी की गोली मारकर हत्या करने व बीच बचाव कर रही पुत्री पर जानलेवा हमला कर घायल करने वाले. रुपईडीहा थाने के गंगापुर के ग्राम प्रधान रवीश को लाइसेंसी बंदूक सहित हिरासत में लिया गया है। परिजनों की तहरीर पर उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है विधिक कार्रवाई की जा रही है।– विपिन कुमार मिश्र, एपी बहराइच