उत्तर प्रदेशबड़ी खबर
सिक्किम के रिम्बी में राहत कार्य तेज, मलबा हटाने में जुटे ग्रामीण
सिक्किम के गेजिंग जिले के रिम्बी क्षेत्र में भूस्खलन के बाद राहत कार्य तेज कर दिया गया है। रविवार को मौसम में कुछ सुधार होने पर प्रभावित ग्रामीण अपने घरों तक पहुंचे और अंदर जमा मलबा हटाने के साथ जरूरी सामान निकालने का काम शुरू किया। स्थानीय लोग और सामाजिक संस्थाएं भी प्रभावित परिवारों की मदद में जुटी हैं।
रिम्बी क्षेत्र में पिछले करीब डेढ़ महीने से भूस्खलन की गतिविधियां जारी रहने की जानकारी सामने आई है। लगातार बारिश के बीच शुक्रवार और शनिवार की रात स्थिति और गंभीर हो गई, जिसके बाद पहाड़ी से मलबा और पत्थर रिहायशी इलाकों की ओर आने लगे। रिम्बी के साथ सिंगलिताम क्षेत्र भी प्रभावित हुआ है और कुछ परिवारों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया है।
प्रशासन की ओर से प्रभावित और संवेदनशील इलाकों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इससे पहले भी रिम्बी और सिंगलिताम में जोखिम वाले परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था तथा सड़क और मलबा हटाने का काम जारी रखा गया।