
रूसी राजदूत डेनिस अलीपोव ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। दोनों के बीच भारत और रूस के लंबे समय से चले आ रहे द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने को लेकर बातचीत हुई।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच हालिया उच्चस्तरीय बातचीत का भी उल्लेख हुआ। नितिन नवीन ने दोनों नेताओं के बीच आपसी विश्वास और नियमित संवाद को भारत-रूस संबंधों को गति देने वाला महत्वपूर्ण पक्ष बताया।
आगामी BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर भी दोनों पक्षों ने विचार साझा किए। नितिन नवीन ने भारत-रूस संबंधों के लगातार मजबूत होने की उम्मीद जताई और भविष्य में दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय संपर्क बढ़ने की बात कही।
बातचीत में दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क को भी महत्वपूर्ण बताया गया। रूसी राजदूत ने रूस में कुशल भारतीय पेशेवरों के लिए बढ़ते अवसरों का उल्लेख किया। इससे दोनों देशों के बीच आर्थिक और मानवीय संबंधों को और विस्तार मिलने की संभावना है।
बैठक के दौरान 2027 में भारत-रूस के राजनयिक संबंधों की 80वीं वर्षगांठ को भी महत्वपूर्ण पड़ाव बताया गया। दोनों पक्षों ने माना कि यह अवसर सांस्कृतिक, शैक्षणिक और लोगों के बीच संपर्क को मजबूत करने के नए अवसर पैदा कर सकता है।
नितिन नवीन ने भाजपा के संगठनात्मक ढांचे और जमीनी स्तर पर पार्टी की गतिविधियों की जानकारी भी रूसी राजदूत के साथ साझा की। उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं, विभिन्न मोर्चों और विभागों तथा चुनावों से अलग लगातार संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की।
डेनिस अलीपोव ने भाजपा की हालिया चुनावी सफलताओं पर नितिन नवीन को बधाई दी और पार्टी की संगठनात्मक क्षमता तथा जमीनी पकड़ की सराहना की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को भी जनता से नियमित संवाद का अनूठा माध्यम बताया।
भारत और रूस के बीच रणनीतिक एवं पारंपरिक संबंधों को देखते हुए यह मुलाकात महत्वपूर्ण मानी जा रही है। दोनों देशों के बीच राजनीतिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और जन-स्तरीय संपर्क को आगे बढ़ाने पर लगातार जोर दिया जा रहा है।



