स्मित मच्छार की बहादुरी पर BJP ने राहुल गांधी से पूछे सवाल

फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में हुई घटना के बाद भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की चर्चा हो रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में को-पायलट ने कथित तौर पर विमान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की थी। इस दौरान स्मित मच्छार घायल हुए और बाद में विमान की सऊदी अरब के तबुक में आपात लैंडिंग कराई गई।
इस घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने कैप्टन स्मित मच्छार के साहस की सराहना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि मच्छार ने अपनी जान की परवाह किए बिना स्थिति का सामना किया और उनकी बहादुरी को सलाम किया।
इसी बीच BJP प्रवक्ताओं ने राहुल गांधी की ओर से स्मित मच्छार को लेकर सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं आने पर सवाल उठाए। संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी ने इस घटना पर पोस्ट क्यों नहीं किया, इसका जवाब वही दे सकते हैं। प्रदीप भंडारी ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए राहुल गांधी और कांग्रेस की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाया।
वहीं, स्मित मच्छार की बहादुरी को लेकर इजरायल में भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। रिपोर्टों के अनुसार, कई लोगों ने भारतीय पायलट के साहस की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।



