उत्तर प्रदेशबुलंदशहरसत्ता-सियासत

यूपी चुनाव अकेले लड़ेगी कांग्रेस, प्रियंका गांधी ने कांग्रेस को दिया करो या मरो का मूल मंत्र

यूपी विधानसभा चुनाव पास आते ही सभी पार्टियों का मंथन जारी है. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आज बुलंदशहर पहुंचीं. पार्टी की समीक्षा बैठक के लिए पहुंचीं प्रियंका ने साफ किया कि कांग्रेस आगामी चुनाव में किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करने जा रही है. प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस सभी सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी. यूपी विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही प्रियंका गांधी संगठन को मजबूत करने में जुट गई हैं. प्रियंका गांधी ने बुलंदशहर के अनूपशहर से इसकी शुरुआत की है. अनूपशहर के डिग्री कॉलेज में प्रतिज्ञा सम्मेलन, लक्ष्य 2022 की में प्रियंका ने 14 जिलों के हजारों पदाधिकारियों के साथ संवाद किया. इस दौरान प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस का नारा करो या मरो का रहा है.

प्रियंका ने कहा कि तीन महीने बाद चुनाव होने जा रहा है. इसीलिए सभी कार्यकर्ताओं को बिना डरे संगठन को मजबूत करने का काम अभी से शुरू करना चाहिए. प्रियंका गांधी ने कहा कि कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर लोगों को पार्टी के संकल्प के बारे में बताना होगा. जिससे लोगों को साथ जोड़ा जा सके. इसके साथ ही प्रियंका ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को अगले दो महीने का लक्ष्य भी बताया. कांग्रेस महासचिव ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संगठन के प्रचार और प्रसार के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने का भी मंत्र दिया.

चुनाव में गठबंधन नहीं करेगी कांग्रेस

प्रियंका गांधी ने साफ किया कि आगामी चुनाव में कांग्रेस किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी. वह सभी सीटों पर अपने बूते पर चुनाव लड़ेगी. प्रियंका ने कहा कि पार्टी 40 फसदी टिकट महिलाओं को देगी. इस दौरान उन्होंने विपक्षी पार्टी सपा और बीएसपी पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि यूपी में जमीनी स्तर पर सपा और बसपा दोनों ही चुनाव नहीं लड़ रही हैं. सिर्फ कांग्रेस ही जमीनी स्तर पर चुनाव लड़ने जा रही है. इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के कामकाज की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी या किसी भी आपदा के समय कार्यकर्ता जनता की मदद के लिए आगे रहे हैं. इसके साथ ही उन्होंने सवाल किया कि उन्नाव, लखीमपुर खीरी और हाथरस की घटनाओं के समय सपा और बसपा कहां थीं.

प्रियंका गांधी का बीजेपी पर निशाना

कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रियंका ने बीजेपी पर भी खूब निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने आजादी की लड़ाई लड़ी ही नहीं वो आजादी का सम्मान भी नहीं कर सकते. इसीलिए वे लोग आजादी की अहमियत समझ ही नहीं पा रहे हैं.  प्रियंका गांधी के दौरे से पहले शनिवार को यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू खुद अनूपशहर पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने वहां पर तैयारियों का जायजा लिया. आज हुई बैठक में सिर्फ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता ही शामिल हुए. प्रियंका के कार्यक्रम को देखते हुए अनूपशहर के डीपीबीएस यूनिवर्सिटी में बड़ा मंच बनाया गया था. कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रियंका ने साफ किया कि आगामी चुनाव में पार्टी किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी.

Related Articles

Back to top button