किसान नेता प्रमोद मिश्रा की हत्या से लोग अचम्भित, चारों ओर पसरा सन्नाटा

अखिलेश मिश्र
सुल्तानपुर। किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष प्रमोद मिश्र को कल शाम अमेठी स्थित दुकान से घर जाते समय अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर गंभीररूप से घायल कर दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जनपद अमेठी के चिकित्सकों द्वारा बेहतर इलाज हेतु जिला चिकित्सालय सुलतानपुर को रेफर कर दिया गया। जिला चिकित्सालय सुल्तानपुर के चिकित्सकों ने जांचोपरांत प्रमोद को मृत घोषित कर दिया। मृत्यु की सूचना पर परिवारीजन का बुरा हाल है।
किसान नेता प्रमोद की मृत्यु का समाचार पाकर अमेठी और सुल्तानपुर से बड़ी समस्या में लोग जिला अस्पताल सुलतानपुर में इकठ्ठा होने लगे। प्रमोद की लोकप्रियता का आलम था कि जिला प्रशासन लोगों के बढ़ते हुजूम को देखते हुए रात में ही पोस्टमार्टम कर लाश को परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
प्रमोद लम्बे समय से भारतीय किसान यूनियन अमेठी के जिलाध्यक्ष बने चले आ रहे थे। किसान नेता के रूप में किसानों और मजदूरों में काफी लोकप्रिय रहे। किसानों और मज़दूरों व गरीबों की सेवा के लिये हमेशा बिना किसी भेदभाव के उपलब्ध रहते थे जिस कारण वे गुंडों, माफियाओं व नेताओं की आंख की किरकिरी बने रहते थे।
उनकी हत्या का कारण तो आने वाले समय मे पुलिस की विवेचना से ही स्पष्ट हो पायेगा। पुलिस यदि निष्पक्ष विवेचना करेगी तो दूध का दूध और पानी का पानी हो जायेगा। प्रमोद की हत्या होना जनपद अमेठी के किसानों, मज़दूरों व गरीबों के साथ जनपद सुलतानपुर के किसानों के लिये भी अपूर्णीय क्षति है।