पंचायत चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, प्रदेश के बूथ अध्यक्षों से संवाद की शुरुआत

भाजपा का प्राथमिक इकाई बूथ अध्यक्ष संवाद अभियान शुरू, 14 मई तक चलेगा
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने अपनी प्राथमिक इकाई बूथ के अध्यक्षो से संवाद का अभियान शुरू किया है। कोरोना संक्रमण के कारण आयी वैश्विक आपदा के बीच पार्टी द्वारा चलाये जा रहे सेवा कार्यों के साथ-साथ अपने बूथ अध्यक्षो के साथ सीधा संवाद और उनकी कुशलक्षेम जानने के लिए आज से शुरू हुआ अभियान 14 मई तक चलेगा।
प्रदेश में लगभग एक लाख 45 हजार बूथों पर प्राथमिक इकाइयों का गठन भाजपा द्वारा किया जा चुका है। बूथ अध्यक्षो से शुरू हुए संवाद के अभियान के तहत पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह जी व प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल जी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारियों ने प्रदेश के अलग-अलग जिलो के बूथ अध्यक्षों से ब्रिज काल के माध्यम से संवाद स्थापित किया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह जी ने आज झाँसी महानगर के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। उन्होंने पार्टी द्वारा चलाये जा रहे सेवा अभियान में बूथ स्तरीय कार्यकताओं की भूमिका व योगदान की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता कोरोना संक्रमण काल मे मानवता की सेवा को अपना धर्म व कर्तव्य मानकर सेवा कार्य कर रहे है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी बूथ के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में प्रवासी लोग आए है, तो योजनापूर्वक उनकी व्यवस्था में सहयोग करना चाहिए। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने बूथ अध्यक्षों से कहा कि वे खुद व अपनी बूथ समिति के सभी सदस्यों को कोरोना संक्रमण से बचने के लिए हर जरूरी उपायों और सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करने के लिए प्रेरित करें और अपने-अपने क्षेत्रों में गरीबों और जरूरतमंद लोगों की सहायता करें।
उन्होंने कहा आमलोगों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए मास्क का अनिवार्य प्रयोग, शारीरिक दूरी का पालन व अरोग्य सेतु एप्प को मोबाइल पर इंस्टाॅल करने के लिए भी प्रेरित करना चाहिए। पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री सुनील बंसल जी ने लखनऊ महानगर के बूथ अध्यक्ष के साथ संवाद करते हुए कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार व प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार कोरोना संक्रमण से आम जन को बचाने के लिए हर सम्भव प्रयास कर रही है।
केंद्र व राज्य सरकार गरीबों और जरूरतमंदो की सहायता व उनको राहत पहँुचाने के लिए कई योजनाएं चला रही है। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष अपने अपने क्षेत्रों में हर जरूरतमंद व पात्र व्यक्ति को सरकारी सहायता मिल सके इसके लिए स्थानीय स्तर पर शासन प्रशासन से समन्वय करते हुए तत्परतापूर्वक जरूरतमंदों की मदद करें।
उन्होंने बूथ पर चलाये गए सेवा कार्यों की जानकारी लेते हुए कहा कि आगे भी सेवा कार्यों को जारी रखते हुए इस बात का ध्यान रखना है कि शारीरिक दूरी बनी रहे, सभी लोग मास्क का उपयोग अनिवार्य रूप से करें। आज से शुरू हुए बूथ अध्यक्ष से संवाद के अभियान में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों सहित सभी क्षेत्रों के क्षेत्रीय अध्यक्षों व संगठन मंत्रियों ने बूथ अध्यक्षो से संवाद किया।