ताज़ा ख़बरदेश

वेटिकन सिटी और मक्का की तरह विकसित होगा राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र: विहिप

अयोध्या में बन रहे राम मंदिर को लेकर विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष रवींद्र नारायण सिंह ने कहा कि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र को वेटिकन सिटी और मक्का की तरह विकसित किया जाएगा। रविवार को नागपुर में उन्होंने कहा कि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र हिंदुत्व का प्रतीक बनकर उभरेगा। विहिप अध्यक्ष धनतोली में विश्व हिंदू जनकल्याण परिषद के विदर्भ क्षेत्रीय कार्यालय के निर्माण का भूमिपूजन करने आए थे।

दरसअल, विहिप अध्यक्ष रवींद्र नारायण सिंह रविवार को नागपुर में थे। पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कार्यक्रम में मौजूद संतों व विहिप पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र का विकास वेटिकन सिटी (रोमन कैथोलिक चर्च का मुख्यालय) और मक्का (इस्लाम का पवित्रतम शहर) की तर्ज पर किया जाएगा।

रवींद्र नारायण सिंह ने विहिप पदाधिकारियों और संतों की सभा को संबोधित करते हुए कहा कि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र हिंदुत्व का प्रतीक बनकर उभरेगा। इसके साथ ही उन्होंने मीडिया से बातचीत में भारत में धर्मांतरण के उद्देश्य से विदेशी निधि पर शिकंजा कसने के लिए नरेंद्र मोदी सरकार की सराहना भी की। इसके अलावा उन्होंने मुस्लिम समुदाय से राष्ट्र की सेवा में हिंदुओं के साथ शामिल होने की अपील की।

उन्होंने कहा कि हिंदुओं की सोच है कि उनके साथ कुछ नहीं होगा। हम इस मानसिकता के कारण चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने ईसाई धर्म प्रचारक संस्थाओं पर धर्म परिवर्तन के लिए आदिवासी इलाकों में अस्पताल और स्कूल चलाने का आरोप लगाया। रवींद्र नारायण सिंह ने यह भी बताया कि जनकल्याण परिषद का आगामी कार्यालय पूर्वी महाराष्ट्र में विदर्भ क्षेत्र में हिंदुओं के लिए विभिन्न कल्याणकारी कदम शुरू करेगा।

Related Articles

Back to top button