सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की तबियत बिगड़ी, मेदांता अस्पताल में भर्ती

लखनऊ। सपा संरक्षक व पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की तबीयत खराब होने के बाद लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें पेट में दिक्कत के चलते भर्ती किया गया है। उनकी तबीयत स्थिर बताई गई है। रात में अल्ट्रासाउंड समेत कई जांच कराई गई हैं। डॉक्टरों के मुताबिक रिपोर्ट सामान्य हैं। उन्हें शुक्रवार सुबह डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।
मेदांता के डाइरेक्टर डॉ. राकेश कपूर ने बताया कि बुधवार शाम सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव को भर्ती कराया गया। उनका पेट फूल रहा था। कई दिन से दस्त नहीं हो रही थी। जांच में पाया गया कि बड़ी आंत में समस्या है। कोलोनोस्कोपी करके आंत को साफ किया गया। इसके बाद अब वे ठीक है। अस्पताल के डॉ. अभय कुमार वर्मा और गैस्ट्रो सर्जन डॉ. आनंद प्रकाश की निगरानी में इलाज चल रहा है। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, शिवपाल यादव सहित कई नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल लिया।