उत्तर प्रदेशबदायूं

बदायूं: स्नान के दौरान गंगा में डूबकर युवक की मौत

उझानी। सावन को गंगा स्नान करने के दौरान एक युवक गंगा में डूब गया। गंगा घाट पर मौजूद गोताखोरों ने उसे बाहर निकाला। राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मिर्गी का दौड़ा पड़ने से मौत होने की बात कही है। परिजनों के पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया गया। जिसमें युवक की मौत गंगा में डूबने से होने की पुष्टि हुई है। परिवार में कोहराम मचा है।
कोतवाली सिविल लाइन क्षेत्र के गांव सोवनपुर निवासी भूदेव (26) पुत्र प्रेमपाल बहुत दिनों से सावन में गंगा स्नान जाने का प्लान बना रहे थे। अंतिम सोमवार की वजह से वह ग्रामीणों के साथ शनिवार की रात गंगा स्नान करने और जलाभिषेक के लिए गंगा जल लेने कछला स्थित भागीरथी घाट गए थे।
रात लगभग 12 बजे भूदेव गंगा स्नान कर रहे थे। इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए। उन्हें गोते लगने लगे। घाट पर मौजूद लोगों ने देखा और उन्हें बचाने का प्रयास किया लेकिन भूदेव डूब गए। लोगों ने शोर मचाया तो गंगा घाट पर मौजूद गोताखोरों ने गंगा में छलांग लगा दी।
तकरीबन आधा घंटे के बाद भूदेव को बाहर निकाल लिया। ग्रामीण उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी। विलाप करते परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस भी आ गई।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। उनके परिजनों ने बताया कि भूदेव के पिता की लगभग एक साल पहले मौत हो चुकी है। उनका डेढ़ साल का एक बेटा है। पत्नी का रो रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में गमगीन माहौल है।

Related Articles

Back to top button