PV Sindhu हारीं, एशियन गेम्स में भारत का बैडमिंटन अभियान खत्म
पीवी सिंधु और चेन यूफेई के बीच मुकाबला तीन गेम तक चला। सिंधु ने शुरुआत में आक्रामक खेल दिखाते हुए पहला गेम 21-11 से अपने नाम किया। दूसरे गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, लेकिन चेन यूफेई ने 21-18 से गेम जीतकर मैच बराबरी पर ला दिया। निर्णायक गेम में चीनी खिलाड़ी ने 21-10 से जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल मुकाबला अपने नाम कर लिया।
सिंधु के लिए यह एशियन गेम्स में 24 घंटे से भी कम समय में तीसरा मुकाबला था। इससे पहले उन्होंने शनिवार को अपने मुकाबले खेले थे। क्वार्टर फाइनल में लंबे रैलियों के दौरान उन्हें शारीरिक थकान का सामना करना पड़ा। मुकाबले के बाद सिंधु ने कहा कि दूसरे गेम में ही मैच खत्म करने का मौका था, लेकिन वह ऐसा नहीं कर सकीं।
सिंधु की हार के साथ एशियन गेम्स 2026 की व्यक्तिगत बैडमिंटन स्पर्धाओं में भारत का पदक अभियान समाप्त हो गया। महिला एकल में सिंधु के अलावा उन्नति हुड्डा भी क्वार्टर फाइनल में जापान की अकाने यामागुची से हार गईं। महिला डबल्स में ट्रीसा जॉली-गायत्री गोपीचंद और मिक्स्ड डबल्स में ध्रुव कपिला-तनिशा क्रास्टो की जोड़ी भी क्वार्टर फाइनल में बाहर हो गई।
एशियन गेम्स के इस संस्करण में भारत को बैडमिंटन में अब तक सिर्फ पुरुष टीम स्पर्धा का कांस्य पदक मिला है। पिछले हांगझोउ एशियन गेम्स में भारत ने बैडमिंटन में तीन पदक जीते थे।



