रोहित यादव का 87.05 मीटर का धमाका, नीरज चोपड़ा की खास लिस्ट में हुए शामिल

भारतीय जैवलिन थ्रोअर रोहित यादव ने 65वीं नेशनल इंटर-स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 87.05 मीटर का थ्रो फेंका और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (पर्सनल बेस्ट) है। इस थ्रो के साथ उन्होंने न केवल एशियन गेम्स 2026 के लिए क्वालिफाई किया, बल्कि भारतीय जैवलिन इतिहास में भी अपनी खास जगह बना ली।
87.05 मीटर का यह थ्रो रोहित यादव को 87 मीटर से अधिक दूरी तक भाला फेंकने वाले भारत के केवल तीसरे खिलाड़ी की सूची में ले आया। उनसे पहले यह उपलब्धि सिर्फ नीरज चोपड़ा और शिवपाल सिंह ने हासिल की थी। इसके अलावा रोहित ने अपना पुराना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 83.04 मीटर भी काफी पीछे छोड़ दिया और मीट रिकॉर्ड को भी ध्वस्त कर दिया।
इस शानदार प्रदर्शन के बाद रोहित यादव का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है। उन्होंने कहा कि अभ्यास के दौरान वह लगातार 86-87 मीटर तक थ्रो कर रहे थे, लेकिन प्रतियोगिताओं में वैसा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे थे। अब उनकी नजर एशियन गेम्स और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के लिए पदक जीतने पर है। भारतीय एथलेटिक्स के लिए रोहित की यह उपलब्धि भविष्य के लिहाज से बेहद उत्साहजनक मानी जा रही है।



