उत्तर प्रदेश

घर की रसोई से ट्रेड शो तक पहुंचा गाजियाबाद की महिलाओं के अचार का स्वाद

योगी सरकार के बाजार से जोड़ने के प्रयास से घरेलू उत्पादों को मिला बड़ा मंच, एक्सपो में मिल रहे ऑर्डर

ग्रेटर नोएडा, 28 सितंबर। योगी सरकार की महिला उद्यमिता को बाजार से जोड़ने की पहल अब घर की रसोई में तैयार होने वाले उत्पादों को भी नई पहचान दे रही है। ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट में चल रहे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में गाजियाबाद की महिलाओं के हाथों तैयार अचार, मुरब्बा और जवे लोगों की पसंद बन रहे हैं। स्टॉल पर पहुंच रहे खरीदार उत्पादों का स्वाद लेने के साथ ऑर्डर भी दे रहे हैं। कई ग्राहकों ने ऑनलाइन भुगतान कर उत्पादों की बुकिंग की है। बड़े ऑर्डर मिलने की उम्मीद से महिला उद्यमियों में उत्साह है।

खेत की सरसों के तेल से तैयार हो रहा अचार
खंजरपुर गांव की रीना धतरवाल पहली बार अपने उत्पादों के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर के एक्सपो में पहुंची हैं। उन्होंने कुछ समय पहले दीपराज ऑर्गेनिक पिकल्स नाम से फर्म शुरू की। रीना घर पर तैयार किए गए मसालों और अपने खेत में उगाई सरसों से निकाले गए तेल का इस्तेमाल कर अचार की अलग-अलग किस्में तैयार करती हैं।
रीना ने बताया कि ट्रेड शो में आने के बाद उनके उत्पादों को व्यापक स्तर पर पहचान मिली है। पहले दिन ही कई लोगों ने उनके उत्पाद पसंद किए और ऑनलाइन भुगतान कर अचार, मुरब्बा और जवे के ऑर्डर दिए। उनका कहना है कि एक्सपो से बड़े खरीदारों तक पहुंच बनने की उम्मीद है।

नए कारोबार को मिला बड़ा मंच
मोदीनगर की ई नारी शक्ति वूमेन एंपावर संस्था ने ट्रेड शो में नींबू, आम और मिर्च के अचार समेत कई घरेलू उत्पादों का स्टॉल लगाया है। संस्था से जुड़ी महिलाओं का कहना है कि उन्होंने हाल ही में कारोबार शुरू किया है। ऐसे बड़े मंच पर अपने उत्पाद सीधे ग्राहकों और खरीदारों के सामने रखने का अवसर उनके लिए नया अनुभव है।
महिलाओं के मुताबिक, ट्रेड शो में मिली पहचान उनके लिए नए बाजार की शुरुआत बन सकती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने का अवसर देकर प्रदेश सरकार ने आर्थिक रूप से मजबूत होने का रास्ता तैयार किया है।

दूसरी महिलाओं को भी दिया रोजगार
गाजियाबाद की पूनम ने पूनम पिकल्स नाम से अपना ब्रांड तैयार किया है। वह घर पर तैयार किए गए मसालों से अचार बनाती हैं। अचार और जवे तैयार करने के काम में उन्होंने दूसरी महिलाओं को भी रोजगार से जोड़ा है।
पूनम ने बताया कि पहली बार इतने बड़े एक्सपो में आने को लेकर शुरुआत में झिझक थी, लेकिन यहां ग्राहकों की प्रतिक्रिया ने आत्मविश्वास बढ़ाया। उनके मुताबिक, ट्रेड शो से मिले संपर्क और ऑर्डर कारोबार को आगे बढ़ाने में मदद करेंगे। घरेलू स्तर पर शुरू किए गए इन छोटे कारोबारों को बड़े बाजार से जोड़ने का यह मंच गाजियाबाद की महिलाओं के लिए नए अवसर लेकर आया है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button