लखनऊ में विनोद तावड़े की केशव-ब्रजेश से मुलाकात, सपा पर रणनीति

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने लखनऊ में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक से मुलाकात की। तावड़े अपने चारों सह-प्रभारियों के साथ दोनों नेताओं के आवास पहुंचे। बैठक में प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और पार्टी संगठन से जुड़े फीडबैक पर चर्चा हुई।
केशव प्रसाद मौर्य के साथ हुई बातचीत में प्रदेश पदाधिकारियों से मिले फीडबैक, आगामी रणनीति और एमएलसी चुनाव की तैयारियों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही एमएलसी चुनाव के संभावित राजनीतिक प्रभावों पर भी चर्चा हुई।
वहीं, ब्रजेश पाठक के साथ मुलाकात के दौरान भी संगठन और आगामी चुनाव से जुड़े विषयों पर बातचीत हुई। भाजपा की ओर से समाजवादी पार्टी की रणनीति और पीडीए नैरेटिव की काट तैयार करने पर भी चर्चा की गई।
विनोद तावड़े की लखनऊ यात्रा ऐसे समय हुई है जब भाजपा बूथ से लेकर विधानसभा स्तर तक संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव की तैयारियों को गति देने पर जोर दे रही है। पार्टी की बैठकों में क्षेत्रवार फीडबैक और संगठनात्मक कमियों की समीक्षा भी की जा रही है।



