उत्तर प्रदेश
अमेठी के सलमान खान ने एशियन गेम्स में जीता ब्रॉन्ज, जानें संघर्ष
उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के सलमान खान ने अपनी मेहनत और खेल प्रतिभा के दम पर एशियन गेम्स के पोडियम तक पहुंचकर बड़ी उपलब्धि हासिल की। सलमान और पंजाब के सतनाम सिंह की जोड़ी ने पुरुषों की डबल स्कल्स स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। भारतीय जोड़ी ने फाइनल में 6:13.25 का समय दर्ज कर तीसरा स्थान हासिल किया।
सलमान का सफर आसान नहीं रहा। पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई थी। उन्होंने दिल्ली में Uber कैब चलाकर परिवार का सहारा दिया। इसके बाद 2018 में भारतीय सेना में भर्ती हुए, जहां उनकी रोइंग प्रतिभा को पहचाना गया और उन्होंने इस खेल में अपना करियर आगे बढ़ाया।
सेना में शामिल होने के बाद सलमान ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई उपलब्धियां हासिल कीं। 2023 में उन्हें टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (TOPS) में शामिल किया गया और 2024 एशियन रोइंग कप में स्वर्ण पदक जीतने के बाद उन्हें नायब सूबेदार के पद पर पदोन्नति मिली।
एशियन गेम्स में सलमान और सतनाम ने शुरुआत से ही पदक की दौड़ में अपनी जगह बनाए रखी। दोनों 500, 1000 और 1500 मीटर तक दूसरे स्थान पर रहे, लेकिन अंतिम 500 मीटर में चीन और उज्बेकिस्तान की जोड़ियों के पीछे रहकर तीसरे स्थान पर फिनिश किया। इस कांस्य के साथ डबल स्कल्स में भारत ने पहली बार एशियन गेम्स पदक हासिल किया।