उत्तर प्रदेशबड़ी खबर

मुरादाबाद में ‘यूपी राइज 2026’ का महामंच: 100 टीमों की जंग में टीएमयू के 3 युवा स्टार्टअप्स ने मारी बाजी

विजेता ‘ओरल केयर इनोवेटर्स’ को मिला 25,000 रुपये का चेक

मुरादाबाद, 1 अक्टूबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के संकल्प को धरातल पर उतारने और युवाओं को नवाचार से जोड़ने के उद्देश्य से तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (टीएमयू) में यूपी राइज 2026 सम्मेलन का भव्य आयोजन हुआ। प्रदेश सरकार और टाइम्स नेटवर्क की सहभागिता में संवाद, संकल्प, सफलता थीम पर आयोजित इस मंच पर विद्यार्थियों ने अपने नए-नए स्टार्टअप्स और व्यावसायिक मॉडलों से मेंटर्स को प्रभावित किया।

पहले चरण में पंजीकृत 100 टीमों से शुरू हुआ यह मुकाबला दूसरे दौर में 35 और तीसरे चरण के फाइनल राउंड तक 15 शीर्ष टीमों के बीच पहुंचा। कड़े तकनीकी मूल्यांकन के बाद तीन सर्वश्रेष्ठ स्टार्टअप्स को सम्मानित किया गया, जिसमें प्रथम स्थान हासिल करने वाली टीम को 25,000 रुपये के चेक से पुरस्कृत किया गया। सम्मेलन ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि बदलते दौर में युवाओं को सिर्फ नौकरी तलाशने तक सीमित नहीं रहना है, बल्कि नवाचार के जरिए दूसरों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने हैं।

पहला पुरस्कार: पानी के दबाव से जीभ साफ कर सांसों की बदबू दूर करेगा ‘ओरल केयर’, मिला ₹25,000 का चेक

प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान हासिल करते हुए डेंटल कॉलेज की टीम ‘ओरल केयर इनोवेटर्स’ ने ₹25,000 का चेक अपने नाम किया। टीम सदस्यों ने बताया कि लोग दांतों की सफाई तो कर लेते हैं, लेकिन जीभ की अनदेखी से ‘हैलिटोसिस’ (मुंह की दुर्गंध) और ‘कैंडिडिआसिस’ जैसी फंगल दिक्कतों का शिकार होते हैं। टीम पिछले एक साल से एक विशेष प्रोटोटाइप पर काम कर रही थी, जिसमें वाटर प्रेशर (पानी के नियंत्रित दबाव) की मदद से जीभ पर जमी मैल की परत को पूरी तरह साफ किया जा सकेगा। यह आधुनिक तकनीक पारंपरिक टंग क्लीनर से कहीं अधिक सुरक्षित, प्रभावी और आसान सिद्ध होगी।

दूसरा पुरस्कार: दांत उखाड़ने के दर्द से मुक्ति दिलाएगी ‘सॉकेट सेवर्स’ की नई सूई

उपविजेता का खिताब डेंटल कॉलेज की समर्पिता गाबा और आशिका जैन की टीम ‘सॉकेट सेवर्स’ ने अपने नाम किया। टीम ने दंत चिकित्सा के सबसे संवेदनशील दर्द का समाधान पेश किया है। छात्राओं का कहना है कि वर्ष 2026 में भी डॉक्टर दांत निकालने के लिए पुराने औजारों और यांत्रिक खिंचाव (मैकेनिकल फोर्स) का सहारा लेते हैं, जिससे एनेस्थीसिया उतरते ही मरीज असहनीय दर्द से जूझता है। टीम ने लोकल एनेस्थीसिया के साथ एक विशेष इंजेक्शन तकनीक ईजाद की है, जिससे बिना भारी खिंचाव के दांत आसानी से निकल सकेगा। टीम का लक्ष्य जल्द क्लिनिकल ट्रायल पूरे कर स्थानीय स्तर पर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाना है, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सके।

तीसरा पुरस्कार: बेहोशी में भी डॉक्टर को मरीज का इतिहास बताएगा ‘टीम वास्तव’ का एसओएस सिस्टम

कॉलेज ऑफ कंप्यूटिंग साइंसेज के छात्र तन्मय, विनीत, कार्तिक और नमन की ‘टीम वास्तव’ तीसरे स्थान पर रही। उन्होंने सड़क हादसों में त्वरित जान बचाने वाला आपातकालीन मेडिकल डेटा सिस्टम विकसित किया है। सड़क दुर्घटना में मरीज अक्सर बेहोश हो जाता है और डॉक्टर उसकी मेडिकल हिस्ट्री (एलर्जी, एंग्जाइटी, पुरानी बीमारियां) नहीं जान पाते, जिससे गलत दवा से मरीज के कोमा में जाने का खतरा रहता है। टीम के एसओएस हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करते ही संबंधित अस्पताल को मरीज का ब्लड ग्रुप, उम्र और पूरी मेडिकल हिस्ट्री का समराइज्ड डेटा तुरंत मिल जाएगा। टीम जल्द ही इसका व्यापक पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने जा रही है।

16 हजार विद्यार्थियों वाले वेस्ट यूपी के सबसे बड़े केंद्र पर मंथन

टीएमयू के कुलपति डॉ. वी.के. जैन ने बताया कि मुरादाबाद मंडल ही नहीं, बल्कि समूचे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में टीएमयू सबसे बड़ा उच्च शिक्षण संस्थान है, जहां 16 हजार से अधिक विद्यार्थी आधुनिक संसाधनों के बीच अध्ययनरत हैं। इसी व्यापक आधारिक संरचना के चलते शासन ने इसे ‘यूपी राइज’ के आयोजन का मुख्य केंद्र चुना। उन्होंने बताया कि नवाचार, रचनात्मकता और उद्यमिता के व्यावहारिक प्रशिक्षण के जरिए विद्यार्थियों को तैयार किया गया। जजों के पैनल में खुद कई सफल स्टार्टअप्स के संचालक शामिल रहे, जिन्होंने छात्र-छात्राओं के आइडिया की उपयोगिता, सामाजिक प्रभाव और व्यावसायिक संभावनाओं को परखकर विजेताओं का चयन किया।

‘शक्ति क्षेत्र’ में साझा किए विचार, प्रतियोगिताओं में भी दिखाई प्रतिभा

परिसर में विद्यार्थियों की रचनात्मकता को मंच देने के लिए विशेष ‘शक्ति क्षेत्र’ स्थापित किया गया था, जहां छात्र-छात्राओं ने विकसित व आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के निर्माण को लेकर अपने विचार और सपने साझा किए। आयोजन के दौरान युवाओं के उत्साहवर्धन के लिए विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की गईं, जिनमें सक्रिय भागीदारी करने वाले विद्यार्थियों को किट, उपहार व प्रमाणपत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button