उत्तर प्रदेश

योगी सरकार में पारदर्शी चयन प्रक्रिया को गति, प्रवर्तन कांस्टेबल के 477 पदों पर अंतिम परिणाम जारी

लिखित परीक्षा, शारीरिक मानक एवं दक्षता परीक्षा के बाद 477 अभ्यर्थी चयनित

लखनऊ, 30 सितंबर। योगी सरकार की पारदर्शी एवं निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के तहत उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने परिवहन विभाग में प्रवर्तन कांस्टेबल के 477 पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी करते हुए अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। विज्ञापन संख्या-04-परीक्षा/2023 के अंतर्गत कार्यालय परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के नियंत्रणाधीन प्रवर्तन कांस्टेबल के रिक्त पदों पर चयन के लिए आयोजित मुख्य लिखित परीक्षा, शारीरिक मानक/शारीरिक प्रवीणता एवं दक्षता परीक्षा तथा अभिलेख परीक्षण के बाद कुल 477 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया है। आयोग ने चयनित अभ्यर्थियों के अनुक्रमांकों की सूची और संबंधित कट-ऑफ अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दी है।

सभी 477 रिक्त पदों पर हुआ चयन
कुल 477 पदों में 225 अनारक्षित, 93 अनुसूचित जाति, 13 अनुसूचित जनजाति, 99 अन्य पिछड़ा वर्ग तथा 47 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के पद शामिल थे। आयोग द्वारा इन सभी 477 पदों के सापेक्ष 477 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया है।

महिला, पूर्व सैनिक और स्वतंत्रता सेनानी आश्रित श्रेणी में भी चयन
क्षैतिज आरक्षण के तहत स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रित वर्ग के लिए विज्ञापित नौ पदों के सापेक्ष उपलब्धता के अनुसार तीन अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। सैन्य वियोजित/भूतपूर्व सैनिक श्रेणी में विज्ञापित 23 पदों के सापेक्ष सभी 23 पदों पर चयन हुआ है। वहीं महिला श्रेणी के लिए विज्ञापित 95 पदों के सापेक्ष 95 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं। आयोग के अनुसार स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रित वर्ग के छह अवशेष पदों तथा उत्कृष्ट खिलाड़ी श्रेणी के नौ पदों के लिए संबंधित श्रेणी के अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने के कारण नियमानुसार मेरिट के क्रम में अन्य अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। क्षैतिज आरक्षण के तहत चयनित अभ्यर्थी अपनी मूल श्रेणी में समाहित हैं।

39 अभ्यर्थियों का चयन औपबंधिक
आयोग ने 39 अभ्यर्थियों को औपबंधिक रूप से अंतिम चयन परिणाम में शामिल किया है। इन अभ्यर्थियों का अंतिम चयन उनके द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले आवश्यक प्रपत्रों एवं प्रमाण पत्रों के परीक्षण के बाद आयोग के निर्णय के अधीन रहेगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अंतिम चयन परिणाम संबंधित विज्ञापन के संबंध में उच्च न्यायालय में विचाराधीन रिट याचिकाओं/विशेष अपीलों में पारित होने वाले आदेशों तथा भविष्य में दायर होने वाले मामलों में पारित आदेशों के अधीन रहेगा।

आयोग की वेबसाइट पर सूची और कट-ऑफ उपलब्ध
आयोग के अनुमोदन के बाद 477 चयनित अभ्यर्थियों के अनुक्रमांकों की सूची चार पृष्ठों में तथा कट-ऑफ एक पृष्ठ में आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर परिणाम एवं कट-ऑफ देख सकते हैं। योगी सरकार के कार्यकाल में पारदर्शी एवं निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में यह चयन प्रक्रिया महत्वपूर्ण कदम है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button