सीएम योगी का नारी सम्मान पर बड़ा संदेश

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्रि की तृतीया पर मां चंद्रघंटा की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर संदेश साझा करते हुए कहा कि सरकार की पहल नारी के सम्मान, स्वाभिमान और गरिमापूर्ण जीवन के लिए समर्पित है। उन्होंने नारी शक्ति की सुरक्षा और सम्मान को सशक्त एवं समृद्ध समाज का महत्वपूर्ण आधार बताया।
सीएम योगी ने महिला सशक्तीकरण के संदर्भ में केंद्र और प्रदेश सरकार की कई योजनाओं का जिक्र किया। इनमें बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना शामिल हैं। उनके अनुसार, इन योजनाओं का उद्देश्य बेटियों की शिक्षा, उनके भविष्य और मातृत्व से जुड़ी जरूरतों को सहयोग देना है।
मुख्यमंत्री ने उज्ज्वला योजना, शौचालय निर्माण, घरौनी के जरिए संपत्ति के अधिकार और सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी पहलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान और गरिमापूर्ण जीवन से जुड़े प्रयास जारी हैं।



