उत्तर प्रदेशबड़ी खबर
सीएम योगी ने 4.60 लाख छात्रों को दी छात्रवृत्ति, राजभर पर भी बोले
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि धनाभाव के कारण किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई न रुके। उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति की राशि अब डीबीटी के माध्यम से सीधे पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजी जा रही है। कार्यक्रम में उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष 69 लाख विद्यार्थियों को 6,200 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति दी गई, जबकि पिछले नौ वर्षों में चार करोड़ से अधिक विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल चुका है।
छात्रवृत्ति के महत्व का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने ओमप्रकाश राजभर को लेकर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि यदि राजभर को उस समय छात्रवृत्ति मिली होती तो वह पढ़-लिखकर आगे बढ़ते और शायद नेता नहीं बनते। मुख्यमंत्री ने राजभर के संघर्ष का भी उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने थ्री-व्हीलर और टैक्सी चलाने का काम किया और बाद में जनता की आवाज बने।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पात्र विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। उनके अनुसार प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र छात्रों के खातों में राशि भेजने की व्यवस्था है, ताकि कोई भी छात्र आर्थिक कारणों से शिक्षा से वंचित न रहे।
कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने अगले महीने 50 हजार बेटियों को स्कूटी देने की घोषणा भी की। उन्होंने कन्या सुमंगला योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि योजना के तहत बेटियों को जन्म से स्नातक तक कुल 25 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है।