उत्तर प्रदेशगोरखपुर

2017 से पहले केंद्रीय योजनाओं में अड़ंगे लगाती थी राज्य सरकार: योगी

  • गरीब कल्याण मेला के अवसर पर लाभार्थियों से संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री योगी
  • भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, सुनील बंसल भी रहे मौजूद
  • भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय के साथ आठ जिलों के कार्यालयों का हुआ उद्घाटन

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि 2017 से पहले राज्य की तत्कालीन सरकार केंद्र की सभी गरीब कल्याणकारी योजनाओं में अड़ंगे लगाती थी। राज्य में भाजपा सरकार आने के बाद केंद्र की मोदी सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारा गया। आज प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र, वर्ग, समुदाय का विकास हो रहा है।

मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने गरीब कल्याण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि देश की जनता ने 2014 में नरेन्द्र मोदी पर भरोसा जताया तो पहली बार गरीबों को बिना किसी भेदभाव के योजनाओं का लाभ मिल सका। 2014 में देश में परिवर्तन हुआ। इससे देश के नागरिकों के जीवन में बदलाव आना शुरू हुआ, लेकिन प्रदेश की जनता को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा था। तत्कालीन राज्य सरकार केन्द्र की योजनाओं में अड़ंगे लगा रही थी। जनता ने 2017 में प्रदेश में भी जब भाजपा की सरकार बनाई तो केन्द्र की सारी योजनाओं को धरातल पर उतारा गया।

उन्होंने कहा कि पहले किसानों को ट्रैक्टर मिलना सपना होता था। आज ही राष्ट्रीय अध्यक्ष के हाथों किसान को ट्रैक्टर की चाबी दी गयी। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री रहते गोरखपुर क्षेत्र में बढ़ीं स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए नड्डा का उन्होंने धन्यवाद भी दिया। आज पूर्वी उप्र के सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज का निर्माण हो रहा है। यह प्रधानमंत्री मोदी के विजन का ही परिणाम है। योगी ने कहा कि सामूहिक कन्या विवाह कार्यक्रम के तहत दो लाख से अधिक कन्याओं का विवाह सम्पन्न हुआ है। अब तक 16 लाख युवाओं को स्मार्ट फोन एवं टैबलेट दे चुके हैं। दो करोड़ युवाओं को अगले वर्षों में दिया जाएगा। 15 करोड़ लोगों को अन्न योजना का लाभ दिया गया है। सेवा ही संगठन अभियान के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं ने कोरोना काल में हर व्यक्ति तक जाकर उनकी सहायता की है।

उन्होंने कहा कि आज दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गोरखपुर क्षेत्र का कार्यालय और आठ जिलों के जिला कार्यालयों का उद्घाटन किया है। इस मौके पर केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं सांसद हरीश द्विवेदी, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल, मंत्री सूर्य प्रताप शाही, संदीप सिंह, दयाशंकर सिंह, सांसद रवि किशन, राज्यसभा सदस्य डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल, सांसद डॉ. रमापतिराम त्रिपाठी, कमलेश पासवान, शकलदीप राजभर, प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता, शिव प्रताप शुक्ल, पूर्व मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी समेत अन्य नेता मौजूद रहे।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button