उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

अहमदाबाद विमान दुर्घटना पर भाजपा, सपा और कांग्रेस ने जताया दुख, सभी कार्यक्रम किए रद्द

लखनऊ। अहमदाबाद में एअर इंडिया विमान दुर्घटना के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने शुक्रवार को अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए। पार्टी नेताओं ने यह जानकारी दी। उत्तर प्रदेश भाजपा प्रमुख भूपेंद्र सिंह चौधरी ने शुक्रवार को एक न्यूज एजेंसी को बताया, “अहमदाबाद में एअर इंडिया विमान दुर्घटना के मद्देनजर 12 जून और 13 जून को होने वाले भाजपा के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।”

उप्र कांग्रेस प्रमुख अजय राय ने बताया, “कांग्रेस के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं और उन्हें बदलकर ‘श्रद्धांजलि सभा’ कर दिया गया है।” उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अहमदाबाद में हुए दुखद विमान हादसे के बाद शुक्रवार को होने वाले अपने सभी सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) ने भी पीड़ितों के सम्मान में अगले तीन दिनों के लिए पार्टी के कार्यक्रमों और आयोजनों को स्थगित करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने बृहस्पतिवार को एक आधिकारिक बयान में कहा था, “अहमदाबाद में हुए अत्यंत हृदय विदारक विमान हादसे के मद्देनजर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 13 जून को होने वाले सभी सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।” ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आदित्यनाथ ने कहा था, “अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री श्री विजय रूपाणी जी तथा हादसे के शिकार अन्य यात्रियों एवं चालक दल के सदस्यों का निधन अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।”

उन्होंने कहा, “प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्माओं को सद्गति एवं उनके शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।” सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किए गए संदेश में पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी और अगले तीन दिनों के लिए सभी कार्यक्रम रद्द करने की घोषणा की।

उन्होंने लिखा, “अहमदाबाद की बेहद दर्दनाक दुर्घटना में जीवन गंवाने वाले हर एक को श्रद्धांजलि! दुख की इस घड़ी में हम सब, हर एक शोकाकुल परिवार-परिजनों के साथ हैं। आगामी तीन दिनों तक सपा के सभी समारोह स्थगित रहेंगे।” एअर इंडिया ने पुष्टि की है कि बृहस्पतिवार को अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से लंदन जाने वाले उसके विमान में सवार 241 लोगों की जान चली गयी।

बोइंग 787-8 विमान में 242 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी समेत 242 लोगों को लेकर लंदन जा रहा विमान सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक विश्वास कुमार रमेश इस दुर्घटना में जीवित बचने वाले एकमात्र यात्री हैं। विमान में सवार 241 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 168 भारतीय, 53 ब्रिटिश, सात पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक शामिल थे।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button