उत्तर प्रदेशलखनऊ

मुख्यमंत्री योगी ने 795 अधिकारियों को बांटे नियुक्ति पत्र

  • -विभिन्न विभागों में चयनित अधिकारियों को मुख्यमंत्री ने सच्चे मार्ग पर चलने की दी सीख
  • -उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, मंत्री एके शर्मा, अनिल राजभर समेत अन्य मंत्री मौजूद रहे

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के विभिन्न विभागों में उत्तरप्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से चयनित 795 अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किये। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उप्र में काम करने वाले अधिकारियों के बारे में माना जाता है कि वे कहीं भी झण्डा गाड़ सकते हैं। प्रदेश की 25 करोड़ जनता तक शासन की योजनाओं को पहुंचाने का अनुभव बहुत महत्वपूर्ण रहता है। आप सब सौभाग्यशाली हैं जो इस सरकार में नौकरी के लिए आवेदन किये। पूरी पारदर्शिता के साथ आपका चयन हुआ है। कहीं भी आपको घूस नहीं देना पड़ा। इससे पहले की स्थिति के बारे में सब जानते हैं।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 2017 से पहले पद खाली थे। एक लाख 64 हजार पुलिस कर्मियों की भर्ती हमारी सरकार में हुई। जब पुलिस ही नहीं होगी तो कानून व्यवस्था कैसी होगी। पीएसी की 54 कम्पनियां समाप्त कर दी गयी थीं। भर्ती नहीं हो पा रही थी। सभी आयोग भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गए थे। युवाओं को आंदोलन करना पड़ रहा था। भाई-भतीजावाद व्याप्त था। पैसे का बोलबाला था। कुछ लोगों के घरों से सूची भेजी जाती थी। अयोग्य लोगों को चयन बोर्डों की जिम्मेदारी दी जाती थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने अधिकारियों से स्पष्ट कहा था कि यदि उप्र के युवाओं के भविष्य के साथ किसी ने खिलवाड़ किया तो उनके खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाएगी कि उनकी पीढ़ियां याद रखेंगी। अब मुन्ना भाई परीक्षा देने से पहले ही उठा लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र का 1984 में आईएएस में चयन हुआ। 39 वर्षों से सेवा दे रहे हैं। पूरी ईमानदारी और निष्ठा से सेवा दे रहे हैं, तब वह आज सर्वोच्च पद पर बैठे हैं। वह अधिकारियों के लिए रोल मॉडल हो सकते हैं। आप लोग भी ऐसे ही कार्य करें। ट्रांसफर के लिए सिफारिश करने के बजाए पूरी निष्ठा से कार्य करें। शासन आपको अच्छी जगह खुद तैनाती देगा।

मुख्यमंत्री ने जिन अधिकारियों को नियुक्ति पत्र दिए हैं, उनमें चिकित्साधिकारी, आबकारी निरीक्षक, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक, विपणन निरीक्षक, अधिशासी अधिकारी, राजस्व निरीक्षक, सहायक चकबंदी अधिकारी, सहायक उद्यान निरीक्षक (वर्ग-3), अपर जिला सूचना अधिकारी एवं कनिष्ठ सहायक शामिल हैं। इस अवसर पर चयनित युवाओं ने अपने विचार भी रखे। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शी व्यवस्था को लागू करने के लिए योगी सरकार की तारीफ की। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, मंत्री एके शर्मा, अनिल राजभर, लक्ष्मीनारायण चौधरी, नितिन अग्रवाल के अलावा मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र, अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह समेत शासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button