उत्तर प्रदेशगोरखपुरबड़ी खबर

साकार हो रहा रामराज्य का संकल्प: सीएम योगी

  • निषाद पार्टी के संकल्प दिवस समारोह में बोले मुख्यमंत्री
  • आज कोई भी किसी गरीब का शोषण नहीं कर सकता

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भगवान श्रीराम और निषादराज गुह्य की अभिन्न मित्रता हमारी विरासत है। इसी विरासत को आगे बढ़ाते हुए केंद्र व प्रदेश की डबल इंजन सरकार रामराज्य के संकल्प को साकार कर रही है। सबके साथ न्याय और सबकी समुचित भागीदारी चहुंओर दिख रही है। आज कोई भी किसी गरीब का शोषण और उसके साथ अन्याय नहीं कर सकता है।

सीएम योगी शुक्रवार को निषाद पार्टी के संकल्प दिवस समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सभी लोगों को मकर संक्रांति पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पिछली सरकारों में निषाद के नौजवानों को गोली मिलती थी पर इस सरकार में आपका संकल्प पूरा हो रहा है। आपको अधिकार, सम्मान व सुविधाएं मिल रही हैं।

आज पीएम मोदी ने काशी से दुनिया के सबसे लंबे रिवर क्रूज को रवाना किया है। इससे पर्यटन और रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी और गंगा पुत्र निषादों को रोजगार मिलेगा। सीएम ने कहा कि श्रृंगवेरपुर में श्रीराम और निषादराज की गले लगी प्रतिमा को बनाने का काम अंतिम चरण में चल रहा है। इसी क्रम में 2023 में अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर के निर्माण का कार्य पूरा हो चुका होगा। यह राष्ट्र मंदिर होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि निषाद समाज के लिए आरक्षण के मुद्दे पर सरकार सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ रही है। संघर्ष कभी व्यर्थ नहीं जाता। निषाद पार्टी ने 10 साल पहले जो संकल्प लिया था, उसे पूर्ण करने की कार्यवाई अंतिम चरण में चल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया जब आगे बढ़ रही है, समाज के हर तबके को आगे बढ़ने का अधिकार होना चाहिए।

उन्होंने पीएम मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने समाज के सभी वर्गों को बिना भेदभाव योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया। पीएम मोदी के नेतृत्व में न सिर्फ आंतरिक मोर्चे पर बल्कि वैश्विक मोर्चे पर भी भारत की धाक जम रही है। उनके नेतृत्व में देश को दुनिया के बीस सबसे सशक्त देशों के समूह जी-30 की अगुवाई का अवसर मिला है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button