उत्तर प्रदेशगोरखपुर

अच्छी तालीम व तरबियत लड़कियों का हक है : गाजिया खानम

  • बड़े काजीपुर में मुस्लिम महिलाओं का जलसा

गोरखपुर। शाहिदा अल्पसंख्यक वेलफेयर एजुकेशनल सोसाइटी की ओर से एफ.बी. पब्लिक स्कूल बड़े काजीपुर में मंगलवार को मुस्लिम महिलाओं का जलसा हुआ। आगाज़ क़ुरआन-ए-पाक की तिलावत से हुआ। नात व मनकबत पेश की गई। मुख्य वक्ता आलिमा गाजिया खानम ने कहा कि अच्छी तालीम व तरबियत लड़कियों का हक है। लड़कियों की तालीम व तरबियत के बारे में पैग़ंबरे इस्लाम हज़रत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने इरशाद फ़रमाया कि जिस शख़्स ने किसी लड़की की सही सरपरस्ती की और उसकी अच्छी तरबियत की तो यह लड़की क़यामत के दिन उसके लिए दोज़ख़ की आग से रुकावट बन जाएगी।

पैग़ंबरे इस्लाम ने बेवाओं से निकाह करके दुनिया को यह पैग़ाम दिया कि बेवाओं को तन्हा न छोड़ो बल्कि उन्हें भी अपने समाज में इज़्ज़त बख़्शो। औरत की इज़्ज़त व नामूस इसी में है कि वह अपनी सरगर्मियों का मेहवर अपने घर को बनाकर अपने घर को संवारें और बच्चों की बेहतरीन तरबियत करें। पैग़ंबरे इस्लाम ने ख़ुद अपने अमल से सहाबा किराम के सामने औरतों के साथ अच्छे बर्ताव की आला मिसालें क़ायम कीं।

दीन-ए-इस्लाम ने औरतों को जो मक़ाम अता फ़रमाया है वह एक इम्तियाज़ी हैसियत रखता है। संचालन करते हुए आलिमा नाजिश फातिमा ने कहा कि अल्लाह ने इल्म की ख़ास अहमियत क़ुरआन-ए-पाक में कई बार ज़िक्र की है। पहली वही की शुरूआत ‘इक़रा’ के लफ़्ज़ से फ़रमाकर क़यामत तक आने वाले इंसानों को इल्म के ज़ेवर से आरास्ता होने का पैग़ाम दिया। पैग़ंबरे इस्लाम ने भी इल्म की ख़ास अहमियत व फ़ज़ीलत को बार-बार ज़िक्र फ़रमाया, लेकिन ये बात याद रहे कि क़ुरआन व हदीस में जहां इल्म की अहमियत पर तवज्जोह दी गई है वहाँ यह भी ज़िक्र किया गया है कि इल्म उस वक़्त ही क़ाबिले क़द्र और रहमत का बाइस होगा जब उसके ज़रिए अल्लाह का ख़ौफ़ और अल्लाह की पहचान हासिल हो

और ज़ाहिर है कि यह हालत क़ुरआन व हदीस से हासिल शुदा इल्म से ही पैदा होती है लिहाज़ा हमें दुनियावी उलूम से ज़रूर आरास्ता होना चाहिए और साइंस और नई टेक्नालॉजी के मैदान में भी आगे बढ़ना चाहिए, लेकिन बुनियादी तौर पर क़ुरआन व हदीस के इल्म से ज़रूर वाकिफ होना चाहिए। अंत में सलातो सलाम पढ़कर मुल्क में अमन शांति व भाईचारे की दुआ मांगी गई। शीरीनी बांटी गई। जलसे में आलिमा समीना जबी, तबस्सुम बानो, रुबीना अंजुम, जेबा फातिमा, सना शेख, सादिया आदि ने शिरकत की।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button