उत्तर प्रदेशकानपुर

कानपुर: बारात में डांस कर रहे दूल्हे के भाई की Heart Attack से मौत, मातम में बदली शादी की खुशियां

रसूलाबाद/ कानपुर। द्वारचार के दौरान डांस कर रहे दूल्हे की छोटे भाई की अचानक हार्टअटैक आने से मौत हो गई। घटना से रिश्तेदारों में कोहराम मच गया। आनन-फानन रस्म निभाकर दुल्हन को विदा किया गया।

बिरहुन गांव निवासी अवध किशोर तिवारी की बेटी प्रियांशी की शादी शिवली थाना क्षेत्र के नुनारी बहादुरपुर गांव निवासी विनोद कुमार उर्फ गुड्डू अवस्थी के बेटे प्रभात उर्फ रामजी के साथ 22 फरवरी को तय थी। बुधवार की रात बारात बिरहुन गांव पहुंची। जनवासे में नाश्ता करने के बाद बारात डीजे बैंड की धुन पर दुल्हन के घर पहुंची। इसी दौरान द्वारचार रस्म के समय दूल्हे के सबसे छोटे भाई राहुल उर्फ शीबू को डांस करते समय सीने में तेज दर्द होने लगा और वह बेसुध होकर गिर पड़ा। इससे दोनों पक्षों में हड़कंप मच गया।

परिजन आनन-फानन में राहुल को सीएचसी ले गए। वहां ईएमओ डॉ. बृजेश कुमार ने राहुल को मृत घोषित कर दिया। बाद में परिजन उसे हृदय रोग संस्थान कानपुर ले गए, लेकिन वहां भी डाक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत बताया। इधर दूल्हे के भाई की मौत पर शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और लोग रोने-बिलखने लगे।

मृतक के भाई आशीष ने बताया कि राहुल  स्नेहलता डिग्री कॉलेज रसूलाबाद में बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था। दुल्हन के पिता अवध किशोर ने आनन-फानन सादे तौर पर रस्म अदायगी कर गुरुवार भोर बेटी प्रियांशी को विदा कर दिया। अनहोनी पर दूल्हा रामजी, पिता विनोद अवस्थी, मां मीना देवी, बहन अलका, भाई आशीष समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। प्रभारी निरीक्षक अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। जांच के लिए बिरहुन चौकी इंचार्ज राम सिंह को मौके पर भेजा गया है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button