उत्तर प्रदेशलखनऊ

डिप्टी सीएम से मिले आउटसोर्सिंग कर्मचारी, मांगे पूरी हुई तो बढ़ जाएगा वेतन

लखनऊ। राजधानी के कल्याण सिंह कैंसर संस्थान और किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के आउटसोर्सिंग कर्मचारी के बाद अब लोहिया संस्थान के कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ रहा है। आउटसोर्सिंग कर्मचारियों में बढ़ रहे आक्रोश की वजह वेतन में बढ़ोतरी न होना है।

वेतन में बढ़ोतरी की मांग को लेकर डॉ राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान संविदा कर्मचारी संघ के आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने रविवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से मिलकर वेतन बढ़ोतरी की गुहार लगाई है। इसके बाद कर्मचारियों ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के आवास पर जाकर भी अपना मांग पत्र सौंपा है।

दरअसल, लोहिया संस्थान में तैनात आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के वेतन बढ़ोतरी के लिए इसी साल चिकित्सा शिक्षा महानिदेशक की तरफ से एक कमेटी का गठन किया गया था,इस कमेटी में केजीएमयू, एसजीपीजीआई, कल्याण सिंह कैंसर संस्थान और लोहिया संस्थान के प्रमुख शामिल थे, जिन्होंने आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के वेतन बढ़ोतरी की सिफारिश की थी और अपनी रिपोर्ट प्रमुख सचिव को भेजी थी। आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की तरफ से बताया जा रहा है कि अप्रैल में रिपोर्ट भेजे जाने के बावजूद अभी तक उनके वेतन में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है।

डॉ राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान संविदा कर्मचारी संघ के महामंत्री सच्चितानंद मिश्र ने बताया है कि रविवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से कर्मचारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर वेतन बढ़ोतरी संबंधित मांग पत्र सौंपा है। जिस पर डिप्टी सीएम ने जल्द ही कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। इसके बाद डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को भी कर्मचारियों के वेतन बढ़ोतरी की मांग का पत्र जाकर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि यदि उनकी मांग मान ली जाती है, तो आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का वेतन 5000 से 7000 रुपए तक बढ़ जाएगा। जिससे कर्मचारियों को आर्थिक तौर पर राहत मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि इससे करीब 20000 आउटसोर्सिंग कर्मचारी को लाभ मिलेगा। प्रतिनिधिमंडल में महामंत्री सच्चिता नन्द मिश्रा ,अविनाश वर्मा, त्रिभुवन यादव, लोकेश तिवारी, मनीष वर्मा, शशिकांत प्रजापति, प्रकाश वाल्मीकि ,आनंद वाल्मीकि, अभय कुमार ,राजेंद्र कुमार, विवेक कुमार ,नीरज यादव, सागर सिंह चौहान आदि लोग मौजूद रहे ।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button