उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

यूपी में चुनावी सरगर्मी के बीच इनकम टैक्स की रेड, 3 करोड़ रुपए बरामद

लखनऊ: यूपी विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर प्रदेश में सरगर्मी बढ़ती जा रही है. ऐसे में यूपी पुलिस के साथ-साथ इनकम टैक्स विभाग भी अलर्ट मोड पर है. आयकर विभाग ने छापेमारी में रकाबगंज नेहरू क्रॉस के पास एक हवाला कारोबारी के कैंपस से करीब 3 करोड़ रुपए नकदी बरामद की है. आयकर की पांच टीमें देर रात तक परिसर को सील कर छानबीन में जुटी रहीं. पुलिस ने इमारत को घेरकर कुछ दुकानों में भी सर्च ऑपरेशन चलाया.

बताया जा रहा है कि हवाला कारोबार का यह बड़ा रैकेट है, जिसका नेटवर्क पूरे यूपी में कई जिलों तक फैला हुआ है. चुनाव में धन का अवैध रूप से प्रयोग करने के लिए इस नेटवर्क का सहारा लिया जा रहा था. जिन दो कारोबारियों के यहां सर्च ऑपरेशन चल रहा है, वे परोक्ष रूप से सुपारी के कारोबारी बताए जा रहे हैं. आयकर टीमों को इसके पूर्व गोंडा में बड़े पैमाने पर नकदी बरामद होने के बाद सुराग मिले थे. इसके आधार पर लखनऊ के रकाबगंज में छापेमारी शुरू हुई.

इस क्रम में पहले एक कारोबारी के पास 35 लाख रुपए बरामद हुए. इसके बाद उसने एक और नाम बताया. वहां ढाई करोड़ रुपए से अधिक कैश बरामद किया गया. कैश को कारोबारी ने अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा था. जब राज खुला तो खुलता चला गया. प्रदेश के अन्य जिलों में भी आयकर की टीमें छापेमारी कर सकती हैं. इस मामले में पहली बरामदगी गोंडा करनैलगंज में हुई.

दरअसल शुक्रवार को एसडीएम, सीओ और कोतवाल की संयुक्त टीम वाहनों की जांच कर रही थी. इस दौरान लखनऊ से आ रही एक कार में से 65 लाख रुपए बरामद किए गए. कार सवार लोगों में सिद्धार्थनगर के कन्हैया अग्रवाल और चंदन अग्रवाल शामिल थे. गोंडा के करनैलगंज में जिन लोगों से रुपए बरामद हुए, वो उनका हिसाब नहीं दे पाए. आयकर की टीमों को तुरंत सूचित किया गया. आयकर अधिकारियों ने पूछताछ शुरू की तो लखनऊ के हवाला कारोबारी का नाम सामने आया. बिना देरी किए लखनऊ मुख्यालय को सूचना दी गई और कारोबारी के ठिकानों पर छापेमारी शुरू हो गई.

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button