उत्तर प्रदेशवाराणसी

भाजपा नगर निकाय का चुनाव पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता से ले रही : केशव मौर्य

  • उप मुख्यमंत्री ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में लगाई हाजिरी, दावा किया पार्टी मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव भी जीतेगी

वाराणसी। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि जिस तरह आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा उपचुनाव में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत हासिल की थी। उसी तरह पार्टी मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव भी जीतेगी। शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर वाराणसी आये उप मुख्यमंत्री यहां मीडिया से बातचीत कर रहे थे।

बाबा विश्वनाथ के दरबार में विधिवत दर्शन पूजन के बाद नगर निकाय चुनाव को लेकर सर्किट हाउस में भाजपा के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर विमर्श भी किया। उन्होंने बताया कि पार्टी नगर निकाय का चुनाव पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता से ले रही है। नगर निकायों में कमल पहले से ही खिला हुआ है। हम पूरे विश्वास के साथ कह रहे हैं कि उत्तर प्रदेश के सभी नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत में फिर कमल ही खिलेगा।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनके चाचा शिवपाल सिंह यादव में सुलह और मैनपुरी लोकसभा के उप चुनाव का प्रचार साथ-साथ करने से जुड़े सवाल पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि चाहे दोनों एक होकर लड़ें या अलग होकर लड़ें, वहां कमल ही खिलना है। आम जनता गुंडागर्दी, अपराध के खिलाफ भाजपा के प्रत्याशियों के साथ खड़ी है। लखनऊ में किसानों के आंदोलन से जुड़े सवाल पर कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने के लिए सरकार ने उपाय किए हैं।

वाराणसी में काशी तमिल संगमम के आयोजन से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि हम दक्षिण के लोगों का स्वागत कर एक दूसरे की संस्कृति का आदान प्रदान कर रहे हैं। इससे दोनों राज्यों में आपसी सामंजस्य के साथ-साथ पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। काशी और तमिलनाडु के लोगों का एक-दूसरे से आत्मीय संबंध मजबूत हो रहा है। दोनों ही जगह के लोग इतने खुश हैं कि उन्हें देख कर ही आनंद आ रहा है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button