Lucknow Flood: गोमती बढ़ी, CM योगी करेंगे हवाई सर्वेक्षण

गोमती नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण लखनऊ के फैजुल्लागंज समेत कई निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। कई सड़कों और गलियों में पानी भरने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार स्थिति की निगरानी कर रही हैं।
जिलाधिकारी विशाख जी और संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार ने प्रभावित क्षेत्रों का नाव से निरीक्षण किया। राहत एवं बचाव कार्य के लिए नावों की तैनाती की गई है और जरूरतमंद परिवारों तक भोजन, दवाइयां और जरूरी सामान पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।
गोमती का पानी हनुमान मंदिर परिसर समेत नदी के आसपास के कई स्थानों तक पहुंच गया है। गुलाला घाट के पास क्रिकेट अकादमी और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी जलभराव की स्थिति सामने आई है।
मौजूदा हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा ले सकते हैं। प्रशासन का फोकस प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और राहत-बचाव कार्यों को लगातार जारी रखने पर है।



