उत्तर प्रदेशलखनऊ

लखनऊ: महिला ने समझौते से किया इंकार तो दबंगों ने ताना तमंचा, पुलिस ने दो के खिलाफ दर्ज की प्राथमिकी

लखनऊ। आशियाना थाने में एक विधवा महिला ने दो दबंगों के खिलाफ लिखित शिकायत देते हुए प्राथमिकी दर्ज करवाई है। पीड़िता का कहना है कि बीते कई दिनों से दबंग समझौते का दबाव बनाते हुए उसे धमका रहे हैं। समझौते से इंकार करने पर दबंगों ने उसका रास्ता रोक लिया और तमंचा तानते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी। हालांकि, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरु कर दी है।

प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि बिजनौर थानाक्षेत्र के नटकुर गांव निवासिनी पार्वती गत 16 दिसम्बर को लोकबंधु अस्पताल से दवा लेकर घर लौट रही थी। तभी किला चौराहे के समीप शादाब खान ने अपने साथियो संग मिलकर उसका रास्ता रोक लिया। इस दौरान आरोपी ने तमंचा तानते हुए पीड़िता से जबरन समझौता करने का दबाव बनाया, लेकिन पीड़िता ने समझौता करने से मना कर दिया। जिसके बाद आरोपी धमकी देते हुए वहां से भाग निकला।

पीड़िता ने बताया कि शादाब खान के भाई जलीस खान ने विधानसभा चुनाव- 2022 में बसपा से चुनाव लड़ा था। जलीस खान की शह पर आरोपी दबंगई करते हैं। पीड़िता ने बताया कि दबंगों की धमकी से उसका परिवार सहमा हुआ है। आरोप है कि जलीस खान ने अपने भाईयों की मदद से उसकी चार बीघा की जमीन पर कब्जा कर लिया है। वर्तमान समय में जमीन की कीमत करीब पांच करोड़ रूपये बताई जा रही है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि महिला कि लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने शादाब खान और उसके साथी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरु कर दी है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button