उत्तर प्रदेशलखनऊ

AKTU: एआई फ्रेंडली बनाने की तैयारी पूरी, प्राविधिक शिक्षा विभाग और इंफोसिस के बीच साइन हुआ MOU

लखनऊ: डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी के लखनऊ में प्राविधिक शिक्षा विभाग द्वारा प्रदेश के लगभग 60 पॉलीटेक्निक संस्थानों के कुल 100 प्रवक्ताओं के लिए 26 अगस्त से 28 अगस्त तक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम इंफोसिस स्प्रिंग बोर्ड के सहयोग से आयोजित किया गया था। जिसके लिए प्राविधिक शिक्षा विभाग और इंफोसिस के बीच एक MOU (समझौता ज्ञापन) हस्ताक्षरित किया गया था।

प्रशिक्षण के दौरान इंफोसिस स्प्रिंग बोर्ड के विशेषज्ञ ट्रेनर्स मीनाक्षी व्यास और वायु त्रिपाठी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा की। इनमें डाटा साइंस, मशीन लर्निंग, रोबोट ऑटोमेशन प्रोसेस, डीप लर्निंग, कम्प्यूटर विजन, और नेचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग के अनुप्रयोग शामिल थे। इसके साथ ही ट्रेनर्स ने उनके व्यावहारिक उपयोग और उद्योग में उनके महत्व पर भी प्रकाश डाला।

प्राविधिक शिक्षा विभाग के निदेशक अन्नावि दिनेश कुमार ने कहा कि इस प्रकार की ट्रेनिंग का आयोजन विभाग में पहली बार किया गया है। भविष्य में भी इस तरह की और प्रशिक्षण योजनाओं का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी प्रवक्ताओं से अपने-अपने पॉलीटेक्निक संस्थानों में शिक्षण, प्रशिक्षण और प्रयोगात्मक कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपादित करने का आग्रह किया।

प्राविधिक विश्वविद्यालय के कुलपति जेपी पाण्डेय ने अपने संबोधन में प्रशिक्षणार्थियों को नवीनतम तकनीकी और नवाचार के बारे में छात्रों को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल संयोजन प्रधानाचार्य (मुख्यालय) आशीष गुप्ता द्वारा किया गया। कार्यक्रम में डीन इन्नोवेशन हब प्रो. बीएन मिश्रा एवं सेंटर ऑफ एडवांस्ड स्टडीज के एसोसिएट डीन डॉ. अनुज कुमार शर्मा, प्राविधिक शिक्षा विभाग के सहायक निदेशक, कमलेश मणि, प्रधानाचार्य निदेशालय तकनीकी शिक्षा कानपुर से संबद्ध प्रधानाचार्य डॉ. आरबी सिंह, महीप सिंह, वन्दना शर्मा एवं इंजी. अनुराग चौबे भी उपस्थित रहे।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button